पूज्य सिंधी सेंट्रल पंचायत, कटनी की चार दिवसीय हरिद्वार–ऋषिकेश धार्मिक यात्रा संपन्न, 111 श्रद्धालुओं ने किए मां गंगा के दर्शन,धार्मिक आस्था, सेवा, समर्पण और सामाजिक एकता का अनूठा संगम बनी यात्र
कटनी। पूज्य सिंधी सेंट्रल पंचायत कटनी के तत्वावधान में आयोजित चार दिवसीय हरिद्वार–ऋषिकेश धार्मिक यात्रा श्रद्धा, भक्ति, सेवा और उत्साह के साथ संपन्न हुई। 23 नवंबर 2026 को कटनी से 111 श्रद्धालुओं का जत्था धार्मिक यात्रा के लिए रवाना हुआ। इस यात्रा में श्रद्धालुओं ने हरिद्वार, ऋषिकेश एवं नीलकंठ महादेव सहित अनेक धार्मिक स्थलों के दर्शन कर पुण्य लाभ अर्जित किया।
यात्रा के प्रथम चरण में श्रद्धालुओं का जत्था ट्रेन द्वारा दिल्ली होते हुए हरिद्वार पहुंचा। हरिद्वार पहुंचने पर मां गंगा की पावन नगरी में श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बनता था। धर्मशाला से गंगा घाट तक भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसके पश्चात सभी यात्रियों ने सामूहिक रूप से धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रमों में सहभागिता की।
यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं ने धन गुरु नानक धर्मशाला, देवपुरा में पहुंचकर मत्था टेका। इसके साथ ही अमरपुर घाट पर बहराणा साहिब की पूजा-अर्चना कर समाज की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। धर्मशाला में यात्रियों के ठहरने, भोजन एवं अन्य व्यवस्थाओं का विशेष ध्यान रखा गया।
हरिद्वार प्रवास के दौरान श्रद्धालुओं ने हरकी पौड़ी में मां गंगा के दर्शन एवं पवित्र गंगा स्नान किया। मां मनसा देवी मंदिर पहुंचकर आशीर्वाद प्राप्त किया। दक्षेश्वर महादेव मंदिर सहित अन्य धार्मिक स्थलों के दर्शन भी किए।
कार्तिक पूर्णिमा पर गंगा स्नान का मिला विशेष पुण्य लाभ
यात्रा के दौरान कार्तिक पूर्णिमा एवं गुरु नानक जयंती का पावन संयोग भी श्रद्धालुओं के लिए विशेष आध्यात्मिक महत्व लेकर आया। इस शुभ अवसर पर श्रद्धालुओं ने हरिद्वार की पवित्र हरकी पौड़ी पर मां गंगा में आस्था की डुबकी लगाकर पुण्य लाभ अर्जित किया। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार कार्तिक पूर्णिमा पर गंगा स्नान का विशेष महत्व है। इस पावन अवसर पर मां गंगा की पूजा-अर्चना, दीपदान एवं प्रार्थना कर श्रद्धालुओं ने परिवार और समाज की सुख-समृद्धि, खुशहाली एवं मंगलकामना की। कार्तिक पूर्णिमा के इस पावन संयोग ने पूरी यात्रा को और अधिक आध्यात्मिक, यादगार एवं अविस्मरणीय बना दिया।
ऋषिकेश यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं ने पवित्र गंगा तट पर आध्यात्मिक वातावरण का आनंद लिया। नीलकंठ महादेव मंदिर पहुंचकर भगवान शिव का पूजन किया तथा विश्व प्रसिद्ध गंगा आरती में सम्मिलित होकर भक्तिमय वातावरण में समय व्यतीत किया।
यात्रा के दौरान सामूहिक भोजन, भजन-कीर्तन एवं धार्मिक आयोजनों ने सभी यात्रियों को एक परिवार की तरह जोड़कर रखा। ट्रेन में भी भजन संध्या का आयोजन किया गया, जिसमें यात्रियों ने भक्ति गीतों के माध्यम से यात्रा को यादगार बनाया।
सेवादारों का किया सम्मान
यात्रा के दौरान हरिद्वार स्थित धन गुरु नानक धर्मशाला के सेवादारों के समर्पण एवं सहयोग की सराहना करते हुए पूज्य सिंधी सेंट्रल पंचायत कटनी की यात्रा प्रबंधन समिति की ओर से उन्हें स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया तथा उनकी सेवाओं के लिए आभार व्यक्त किया गया।
सामाजिक संस्थाओं को स्मृति चिह्न भेंट
हरिद्वार में आयोजित कार्यक्रम के दौरान कटनी की सामाजिक संस्थाओं सिंधु नौजवान मंडल, वरुण संस्था, सिंधी काउंसिल कटनी एवं सुंहणा सिंधी गुर्टू को भी उनके सामाजिक योगदान एवं सहयोग के लिए स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया।
रील बनाओ प्रतियोगिता ने बढ़ाया यात्रियों का उत्साह
यात्रा को और अधिक यादगार बनाने के उद्देश्य से यात्रियों के लिए रील बनाओ प्रतियोगिता का आयोजन भी किया गया। यात्रियों ने यात्रा के विभिन्न पड़ावों, धार्मिक स्थलों, प्राकृतिक सुंदरता एवं सामूहिक गतिविधियों को अपने मोबाइल कैमरों में कैद किया। प्रतियोगिता के विजेताओं के लिए ट्रॉली बैग सहित आकर्षक पुरस्कार रखे गए हैं, जिनका वितरण Bag Shoppe में किया जाएगा।
यात्रा प्रबंधन समिति के प्रभारियों का रहा विशेष योगदान
इस चार दिवसीय धार्मिक यात्रा को सफल एवं सुव्यवस्थित बनाने में यात्रा प्रभारी राजकुमार रोहरा, अमर पुरुषवानी, रवि प्रथ्यानी, सुरेश केसवानी एवं राजेश खूबचंदानी का विशेष योगदान रहा। सभी प्रभारियों ने यात्रियों की सुविधा, ठहरने, भोजन, आवागमन एवं धार्मिक कार्यक्रमों की व्यवस्थाओं में पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन किया।
यात्रियों ने किया यात्रा प्रबंधन समिति का सम्मान
यात्रा के सफल समापन पर यात्रियों द्वारा यात्रा प्रबंधन समिति के सदस्यों को शाल श्रीफल देकर सम्मानित कर उनके द्वारा की गई व्यवस्थाओं एवं सेवाओं के प्रति आभार व्यक्त किया गया। वहीं यात्रा प्रबंधन समिति की ओर से यात्रियों से यात्रा के अनुभव एवं सुझाव भी प्राप्त किए गए, ताकि भविष्य में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों को और बेहतर बनाया जा सके।
इस चार दिवसीय धार्मिक यात्रा ने कटनी के सिंधी समाज के लोगों को आपस में जुड़ने, धार्मिक परंपराओं को समझने तथा सामाजिक एकता को मजबूत करने का अवसर प्रदान किया। यात्रा प्रबंधन समिति ने यात्रा को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी यात्रियों, समाजसेवियों, संस्थाओं, धर्मशाला के सेवादारों एवं प्रत्यक्ष-अप्रत्यक्ष रूप से सहयोग करने वाले सभी सहयोगियों का हृदय से आभार व्यक्त किया।
यात्रा प्रबंधन समिति की ओर से कहा गया कि यह यात्रा केवल धार्मिक स्थलों के दर्शन तक सीमित नहीं रही, बल्कि आपसी प्रेम, भाईचारे, सेवा और सामाजिक एकता का ऐसा अनुभव बनी, जिसकी स्मृतियां सभी यात्रियों के हृदय में सदैव बनी रहेंगी।











