31 वर्ष की सेवा के बाद सहायक शिक्षिका सरोज जाटव सेवानिवृत्त, सम्मान समारोह में दी भावभीनी विदाई
31 वर्ष की सेवा के बाद सहायक शिक्षिका सरोज जाटव सेवानिवृत्त, सम्मान समारोह में दी भावभीनी विदा
कटनी। एकीकृत शासकीय माध्यमिक शाला बरगवां में शुक्रवार को सहायक शिक्षिका श्रीमती सरोज जाटव के सेवानिवृत्ति अवसर पर सेवा सम्मान एवं विदाई समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में शिक्षकों एवं अतिथियों ने उनके 31 वर्षों की उत्कृष्ट शैक्षणिक सेवाओं की सराहना करते हुए उन्हें भावभीनी विदाई दी।
समारोह के मुख्य अतिथि विकासखंड स्रोत समन्वयक मनोज गौतम तथा कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रधान अध्यापिका डॉ. श्रीमती कृष्णा गुप्ता ने की। इस अवसर पर मनोज गौतम ने कहा कि श्रीमती सरोज जाटव ने 31 वर्षों तक शिक्षा के क्षेत्र में समर्पित भाव से सेवाएं प्रदान कीं और 31 जुलाई 2026 को सेवानिवृत्त हुईं। उन्होंने उनके उज्ज्वल एवं स्वस्थ भविष्य की कामना करते हुए उनके योगदान को प्रेरणादायी बताया।
सेवानिवृत्ति के अवसर पर श्रीमती सरोज जाटव ने विद्यालय को सहयोग स्वरूप एक 36 इंच की अलमारी एवं दस कुर्सियां भेंट कीं, जिसके लिए विद्यालय परिवार ने उनका आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में विकासखंड शिक्षा कार्यालय से वरिष्ठ लेखापाल मनीष चौबे सहित विद्यालय परिवार के सदस्य डॉ. श्रीमती कृष्णा गुप्ता, श्रीमती पुष्पलता गौतम, श्रीमती रजनी परिहार, श्रीमती शोभना मिश्रा, ज्योति हल्दकार, सुनीता उवेली, प्रभा सिंह, गौरी कोल एवं संध्या शुक्ला उपस्थित रहीं। सभी ने श्रीमती सरोज जाटव को सम्मानित कर उनके स्वस्थ, सुखद एवं मंगलमय जीवन की शुभकामनाएं दीं।