पश्चिम मध्य रेलवे की पहली महिला महाप्रबंधक श्रीमती शोभना बंदोपाध्याय की गरिमामयी विदाई, अपर महाप्रबन्धक प्रमोद कुमार खत्री होंगे कार्यकारी महाप्रबंधक

जबलपुर(YASHBHARAT.COM)। पश्चिम मध्य रेलवे के इतिहास में आज 28 फरवरी को एक स्वर्णिम अध्याय का समापन हो गया। पश्चिम मध्य रेलवे की पहली महिला महाप्रबंधक श्रीमती शोभना बंदोपाध्याय आज 28 फरवरी को अपनी सेवा के कार्यकाल पूर्ण सेवानिवृत्त हो गईं। पश्चिम मध्य रेल मुख्यालय के सभागार में आयोजित एक भव्य विदाई समारोह में उन्हें भावभीनी विदाई दी गई। इस अवसर पर अपर महाप्रबन्धक प्रमोद कुमार खत्री, प्रमुख वित्त सलाहकार सुश्री मनजीत कौर एवं प्रमुख मुख्य कार्मिक अधिकारी एस.डी. पाटीदार के द्वारा उन्हें सेवानिवृत्ति संबंधी दस्तावेज एवं सम्मान पत्र प्रदान किए गए। रेल प्रशासन की ओर से उनके आगामी स्वस्थ, सुखी और समृद्ध जीवन के लिए मंगलकामनाएं प्रेषित की गईं।

Oplus_16908288

यहां यह भी उल्लेखनीय है कि श्रीमती शोभना बंदोपाध्याय की जगह अभी किसी रेल अधिकारी की महाप्रबंधक के पद पर नियमित पदस्थापना नहीं की गई है बल्कि रेल बोर्ड के द्धारा अभी अपर महाप्रबन्धक प्रमोद कुमार खत्री को कार्यकारी महाप्रबंधक बनाया गया है। पश्चिम मध्य रेलवे के नियमित महाप्रबंधक की पदस्थापना होने तक अपर महाप्रबन्धक प्रमोद कुमार खत्री ही यह जिम्मेदारी निभाएंगे।

रेलवे में उपलब्धियों से भरा रहा सफर

भारतीय रेलवे सिग्नल इंजीनियरिंग सेवा के 1987 बैच की वरिष्ठ अधिकारी श्रीमती बंदोपाध्याय ने 1 नवंबर 2023 को पश्चिम मध्य रेल के महाप्रबंधक का पदभार ग्रहण किया था।

Oplus_16908288

वह इस महत्वपूर्ण पद को सुशोभित करने वाली पहली महिला रेल अधिकारी रहीं। अपने 38 वर्षों के दीर्घ सेवा कार्यकाल में उन्होंने मध्य रेलवे, दक्षिण पूर्व रेलवे, उत्तर रेलवे, पश्चिम मध्य रेल और रेलवे बोर्ड में विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर अपनी सेवाएं दीं।

सेवा कार्यकाल में पश्चिम मध्य रेल को मिलीं नई ऊंचाइयां

श्रीमती बंदोपाध्याय के कुशल नेतृत्व में पश्चिम मध्य रेल ने परिचालन, सुरक्षा और आधुनिकीकरण के क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित किए। उनके कार्यकाल के दौरान पश्चिम मध्य रेलवे को महामहिम राष्ट्रपति, माननीय प्रधानमंत्री एवं माननीय रेलमंत्री द्वारा विभिन्न श्रेणियों में सर्वश्रेष्ठ पुरस्कारों से नवाजा गया। नागपुर में मंडल रेल प्रबंधक के रूप में उन्हें संपूर्ण भारतीय रेलवे में बेस्ट लीडरशिप एंड परफॉरमेंस एक्सीलेंस अवार्ड से भी सम्मानित किया जा चुका है। समारोह में उपस्थित वरिष्ठ अधिकारियों और विभागाध्यक्षों ने महाप्रबंधक के मार्गदर्शन और कार्यशैली की सराहना की।

Exit mobile version