25 नवंबर के बाद जुड़वा सकेंगे विधानसभा-लोकसभा की मतदाता सूची में नाम
जबलपुर। प्रदेश में 28 सीटों पर उपचुनाव की मतदान होने के साथ ही 10 नवंबर को मतगणना होगी। इसके साथ ही विधानसभा और लोकसभा चुनाव के लिए भी मतदाता सूची पर काम प्रारंभ हो जाएगा।
25 नवंबर के बाद जिले के छूटे हुए वोटर या बाहर से आने वाले लोग विधानसभा-लोकसभा चुनाव की मतदाता सूची में अपना नाम जुड़वा-कटवा सकेंगे। इसी तरह निगम चुनाव के लिए इवीएम मशीनों का पहले चरण का परीक्षण भी प्रारंभ कर दिया गया है।
प्रारूप प्रकाशन के बाद जुड़ेंगे नाम
- 25 नवंबर का विधानसभा-लोकसभा चुनाव की मतदाता सूची का प्रारूप प्रकाशन किया जाएगा। इसके बाद 31 दिसंबर तक लोग अपने नाम निर्वाचन कार्यालय या मतदान केंद्र में जाकर जुड़वा सकेंगे। नाम जोड़ने के लिए दूसरे व तीसरे शनिवार और रविवार को विशेष शिविरों का आयोजन भी किया जाएगा। हालांकि जनवरी माह में अंतिम मतदाता सूची अपडेट करने पर प्रकाशित की जाएगी।
-
एक बात लोगों को समझना होगी कि नगर निगम चुनाव की मतदाता सूची में नाम नहीं जोड़े जा रहे हैं। क्योंकि पूर्व में जारी वार्डो के परिसीमन को शासन ने निरस्त कर दिया था। उसी वजह से पूर्व की मतदाता सूची को यथावत रखा गया है।
इवीएम की जांच जारी
- जबलपुर इंजीनियरिंग कॉलेज में अधिकारियों की मौजूदगी में निगम चुनाव कराने के लिए इवीएम की पहले चरण का परीक्षण चल रहा है। हजारों की संख्या में इवीएम की जांच की जाएगी। जिन मशीनों में तकनीकी खामी निकलेगी। उन्हें अलग कर दिया जाएगा।
कर्मचारियों की लगने लगी ड्यूटी
- चुनावी कार्य संपादित करने के लिए विभिन्न् विभागों के कर्मचारियों की तैनाती निर्वाचन कार्यालय करने लगा है। चुनावी ड्यूटी से जुड़े आदेश भी जारी होने लगे हैं। चतुर्थ श्रेणी कर्मियों के अलावा बीएलओ व मतदान केंद्र से जुड़े कार्य भी तेज हो गए हैं। फिलहाल मतदान केंद्रों के संबंध में रिपोर्ट आयोग को भेजी गई है। इस बार प्रत्येक मतदान केंद्र में एक हजार से ज्यादा वोटर नहीं रखे जाएंगे। इसलिए नए सिरे से मतदान केंद्रों को चिंन्हित किया गया है।

