डाइट कोक प्रेमियों को झटका: ₹50 वाला कैन अब ₹70 में, जानें क्यों बढ़ गए दाम और कहां मिल रहा है पुराना रेट
नई दिल्ली: अगर आप भी जीरो-कैलोरी ड्रिंक या डाइट कोक (Diet Coke) के शौकीन हैं, तो अब आपको अपनी पसंदीदा ड्रिंक के लिए जेब ढीली करनी पड़ सकती है। दिल्ली-एनसीआर, मुंबई, बेंगलुरु और गोवा जैसे प्रमुख शहरों के ऑफलाइन मार्केट में 330 एमएल वाले डाइट कोक कैन की कीमत ₹50 से बढ़कर सीधे ₹70 हो गई है। यह अब तक का सबसे उच्चतम स्तर (Record High) है।
क्यों बढ़ीं डाइट कोक की कीमतें?
एल्युमीनियम की लागत में 30% का उछाल: कैन बनाने में इस्तेमाल होने वाले एल्युमीनियम की कीमतों में सालाना आधार पर लगभग 30 प्रतिशत की भारी बढ़ोतरी हुई है।
सप्लाई चैन में व्यवधान: इस साल की शुरुआत में पश्चिम एशिया (Middle East) में बने युद्ध के हालातों के कारण एल्युमीनियम कैन की अंतरराष्ट्रीय आपूर्ति बुरी तरह प्रभावित हुई थी।
मांग में जबरदस्त तेजी: भारत में पिछले एक साल के भीतर जीरो-कैलोरी/शुगर-फ्री ड्रिंक्स की मांग दोगुनी हो चुकी है। सप्लाई कम और डिमांड ज्यादा होने से कीमतों पर दबाव पड़ा है।
कंपनी के प्लांट के कैन पर MRP ₹50, फिर ₹70 क्यों?
बाजार में यह बढ़ोतरी इंडिपेंडेंट बॉटलर्स (Independent Bottlers) और रिटेलर्स द्वारा की गई है।
कोका-कोला के अपने प्लांट से आने वाले कैन पर अभी भी ₹50 की MRP ही छपी हुई है।
हालांकि, कंपनी के इंडिपेंडेंट बॉटलर्स का कहना है कि एल्युमीनियम की बढ़ी हुई कीमतों का बोझ लंबे समय तक नहीं उठाया जा सकता, इसलिए नया रेट लागू करना पड़ा।
कोका-कोला के प्रवक्ता के मुताबिक, कंपनी की ओर से ट्रेड पार्टनर्स को हमेशा पैक पर छपी MRP के हिसाब से ही बिक्री करने की सलाह दी जाती है। लेकिन बेवरेज एक्सपर्ट्स का कहना है कि इंडिपेंडेंट बॉटलर्स और रिटेलर्स द्वारा तय दरों पर कंपनी का सीधा नियंत्रण नहीं होता।
क्विक कॉमर्स पर अभी भी पुरानी कीमत
जहां ऑफलाइन सुपरमार्केट और रिटेल स्टोर्स पर ग्राहक ₹70 चुका रहे हैं और सोशल मीडिया (X/इंस्टाग्राम) पर अपनी नाराजगी जता रहे हैं, वहीं ब्लिंकइट (Blinkit) और जेप्टो (Zepto) जैसे क्विक-कॉमर्स ऐप्स पर 330 ml का डाइट कोक कैन अभी भी ₹50 की पुरानी कीमत पर ही उपलब्ध है।



















