कोटा। ट्रायल के दौरान 180 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ने वाली देश की सबसे तेज ट्रेन-18 को 25 दिसंबर को लांच किया जा सकता है। इस इंजन रहित ट्रेन को सबसे पहले नई दिल्ली से वाराणसी के रूट पर चलाए जाने की संभावना है।
वाराणसी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संसदीय क्षेत्र भी है। रेल मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि 25 दिसंबर को क्रिसमस पड़ने के साथ ही पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी का जन्मदिन भी है। यदि हम अगली पीढ़ी की ट्रेन को उस दिन शुरू करते हैं, तो यह एक महान राजनेता को हमारी श्रद्धांजलि होगी।
अधिकारी ने कहा कि चूंकि ट्रेन के निर्माण में 100 करोड़ रुपये की लागत आई है, जो सामान्य से अधिक है। इसलिए इसका भाड़ा भी सामान्य ट्रेनों के मुकाबले ज्यादा होगा। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि ट्रायल अभी खत्म नहीं हुआ है। इसलिए ट्रेन को लांच करने की तारीख और भाड़े पर अंतिम फैसला नहीं हुआ है।
अधिकारी ने बताया कि रविवार को कोटा से सवाईमाधोपुर के बीच कई तरह से ट्रेन का ट्रायल किया गया। सीधी पटरी और घुमावदार ट्रैक पर अलग-अलग स्पीड की जांच की गई। एक डिग्री मोड़ पर 150 किमी प्रति घंटे और दो डिग्री मोड़ पर 140 और 150 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से ट्रेन का परीक्षण किया गया।
अनुसंधान संरचना और मानक संगठन के वरिष्ठ अधिकारी इन प्रयोगों पर नजरें लगाए रहे। ट्रेन के 180 किमी की रफ्तार पकड़ते ही लड्डू बांटकर जश्न मनाया गया। इस तेज रफ्तार पर भी टे्रन की घुमावदार सीटों पर सवार लोग आराम से सफर कर रहे थे।
समय सारिणी
6.00 बजे सुबह : ट्रेन-18 नई दिल्ली स्टेशन से रवाना होगी।
2.00 बजे दोपहर : ट्रेन वाराणसी पहुंचेगी।
2.30 बजे दोपहर : ट्रेन वाराणसी से रवाना होगी।
10.30 बजे रात : गाड़ी नई दिल्ली पहुंचेगी।

