उज्ज्वल किस्म का 15 कैरेट का बेशकीमती हीरा मिला, कीमत 70 लाख रुपए,पन्ना में दो दोस्तों की किस्मत चमकी, नीलामी में होगी बिक्री
उज्ज्वल किस्म का 15 कैरेट का बेशकीमती हीरा मिला, कीमत 70 लाख रुपए,पन्ना में दो दोस्तों की किस्मत चमकी, नीलामी में होगी बिक्रीपन्ना। पन्ना की रत्नगर्भा धरती ने एक बार फिर किसी की किस्मत बदल दी है। कृष्णा कल्याणपुर क्षेत्र में उथली खदान लगाकर किस्मत आजमाने वाले दो दोस्तों को 15.34 कैरेट वजन का उज्ज्वल किस्म (जैम क्वॉलिटी) का कीमती हीरा मिला है, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत करीब 70 लाख रुपए आंकी गई है। दोनों ने हीरे को जिला हीरा कार्यालय में जमा करा दिया है, जिसे आने वाली नीलामी में बिक्री के लिए रखा जाएगा।
यह हीरा सतीश खटीक (24) और उसके दोस्त साजिद मोहम्मद (23), निवासी रानीगंज मोहल्ला, पन्ना की खदान से मिला है। दोनों युवकों ने करीब 20 दिन पहले हीरा कार्यालय से पट्टा लेकर उथली खदान शुरू की थी। सोमवार को खदान में खुदाई के दौरान उन्हें चमचमाता हुआ बड़ा हीरा मिला। पारखी अनुपम सिंह ने हीरे का निरीक्षण व वजन करने के बाद इसे जैम क्वॉलिटी का बताया। हीरे से पूरी होंगी बहनों की शादी की तैयारी
सतीश पेशे से मटन दुकान में पिता का हाथ बंटाता है और उसकी दो बहनें विवाह योग्य हैं। साजिद अपने पिता के साथ फल की दुकान में काम करता है और उसकी भी दो बहनें हैं। दोनों ने बताया कि बहनों की शादी के लिए पैसों की जरूरत के चलते उन्होंने हीरा खदान लगाने का फैसला किया था। अब नीलामी से मिलने वाली राशि को वे बराबर बाँटकर बहनों की धूमधाम से शादी करेंगे। शेष राशि से वे दोबारा खदान लगाने और अपने कारोबार को बढ़ाने की योजना बनाएंगे।
तीसरी पीढ़ी में मिली सफलता
साजिद ने बताया कि उसके दादा मोहम्मद हबीब ने 50 साल तक खदान लगाई, पर एक कैरेट का हीरा भी नहीं मिला। पिता नफीस मोहम्मद को भी लंबे समय तक सिर्फ छोटे हीरे ही मिले। दो पीढ़ियों की निराशा के बाद तीसरी पीढ़ी में यह बड़ी सफलता मिलने से परिवार में खुशी की लहर है।
जिला हीरा कार्यालय ने बताया कि जैम क्वॉलिटी होने के कारण इस हीरे की बाजार में अच्छी मांग है। यह इस वर्ष जमा हुए हीरों में अब तक का सबसे बड़ा हीरा है और पन्ना डायमंड को भू-स्थानिक पहचान मिलने के बाद इसकी कीमत और बढ़ सकती है।