Site icon Yashbharat.com

महाशिवरात्रि को लेकर सजे शिवालय, धूमधाम से निकलेगी भोलेनाथ की बारात, भव्यता के साथ मनाया जाएगा पर्व, होगा विशेष पूजन,शहर के मधई मंदिर सहित अन्य शिव मंदिरों में होंगे आयोजन, ग्रामीण इलाकों में भी रहेगी पर्व की धूम, तैयारियां अंतिम दौर पर

IMG 20260213 WA0061

महाशिवरात्रि को लेकर सजे शिवालय, धूमधाम से निकलेगी भोलेनाथ की बारात, भव्यता के साथ मनाया जाएगा पर्व, होगा विशेष पूजन,शहर के मधई मंदिर सहित अन्य शिव मंदिरों में होंगे आयोजन, ग्रामीण इलाकों में भी रहेगी पर्व की धूम, तैयारियां अंतिम दौर परकटनी। शहर के प्रसिद्ध मधई मंदिर सहित अन्य शिवालयों में कल 15 फरवरी को महाशिवरात्रि का महापर्व अत्यंत हर्षोल्लास और भव्यता के साथ मनाया जाएगा। यहां बाबा की बारात, विशेष पूजन और अभिषेक के साथ भगवान भोलेनाथ की उपासना की तैयारियां अंतिम दौर पर है। गौरतलब है कि प्रतिवर्षानुसार इस वर्ष भी भगवान भोलेनाथ की उपासना का महापर्व महाशिवरात्रि कल 15 फरवरी को शहर सहित जिलेभर में धूमधाम से मनाया जाएगा। शिवभक्तों के द्वारा पर्व को लेकर की जा रही तैयारियां अंतिम दौर पर हैं। शहर से लेकर गांव तक शिवालय सज गए हैं। महाशिवरात्रि पर सुबह से भगवान का पूजन, अभिषेक, रूद्राभिषेक, हवन, आरती व प्रसाद का वितरण होगा। जगह-जगह बाबा की बारात निकाली जाएगी। महाशिवरात्रि का पावन पर्व शहर और ग्रामीण इलाकों में हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा। नगर के प्राचीन शिवालयों और मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना और धार्मिक अनुष्ठान की तैयारियां अंतिम दौर पर हैं। श्रद्धालु भगवान भोलेनाथ की आराधना में लीन रहेंगे, वहीं मंदिर समितियों द्वारा भव्य आयोजन किए जा रहे हैं।
मुख्य आकर्षक का केन्द्र रहेगा मधई मंदिर
शहर का प्रमुख आयोजन विश्वकर्मा पार्क के आगे स्थित प्राचीन मधई मंदिर में होगा। यहां पर कल 15 फरवरी को विविध आयोजन होंगे। सुबह 4 बजे भस्म आरती, 7 बजे से 12 बजे तक भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक, दर्शन व पूजन होगा। मंदिर के पुजारी ने बताया कि दोपहर 3 बजे से भव्य भगवान शंकर की बारात व शोभायात्रा निकाली जाएगी। शाम 7:30 बजे से महाआरती व प्रसाद का वितरण होगा। बाबा भोलेनाथ की भव्य बारात में समाजसेवी कैलाश पाठक(भोलू भैया) शिवजी की वेशभूषा में रहेंगे। बारात नगर के मुख्य मार्गों से निकाली जाएगी। बारात में श्रद्धालु भगवान शिव के विभिन्न स्वरूपों का दर्शन करेंगे। भक्ति संगीत, झांकियों और ढोल-नगाड़ों के बीच भक्तगण हर-हर महादेव के जयघोष के साथ शामिल होंगे। शाम को श्यामा श्याम भजन मंडल द्वारा भजनों की प्रस्तुति दी जाएगी।

इन मंदिरों में रहेगी धूम
शहर के अन्य शिवालयों में भी पर्व की धूम रहेगी। महाकाल सरकार सेवा समिति चांडक चौक, गुरुनानक वार्ड स्थित शिव मंदिर, हीरागंज स्थित शिव मंदिर, अधारकाप शिव मंदिर, घंटाघर शिव मंदिर, मधुर महादेव, गौरीशंकर मंदिर माधवनगर, शिव मंदिर माधवनगर, शिवमंदिर एसकेपी, शिव मंदिर दुर्गाचौक, शिव मंदिर साधूराम स्कूल, शिव मंदिर माई नदी, शिवमंदिर आरपीएफ कटनी, शिवमंदिर आरपीएफ एनकेजे, उपनगरीय क्षेत्र छपरवाह, मंगलनगर, जागेश्वरधाम कंहवारा सहित ग्रामीण इलाकों के मंदिरों में धूम रहेगी। श्रद्धालु पूरे दिन शिव आराधना करेंगे और रात्रि में जागरण व भजन-कीर्तन होगा। हर ओर शिवमय वातावरण रहेगा। शहर के प्रमुख मार्गों पर सजावट की जा रही है, जिससे महाशिवरात्रि का पर्व और भी भव्य लगेगा। महाशिवरात्रि के आयोजन को सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए प्रशासन और पुलिस विभाग द्वारा सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। मुख्य मंदिरों और शिव बारात के मार्गों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा। महाशिवरात्रि पर शिवभक्तों की आस्था अपने चरम पर होगी।
यहां भी निकलेगी भगवान भोलेनाथ की बारात
बरही नगर में महाशिवरात्रि के अवसर पर भगवान भोलेनाथ की भव्य बारात निकाली जाएगी, जिसकी तैयारी लगभग पूरी हो गई है। हजारों की संख्या में भगवान भोलेनाथ की बारात देखने लोग पहुंचेगे। भगवान भोलेनाथ की बारात नगर के राम मंदिर से प्रारंभ होकर नगर के मुख्य बाजार कमानिया गेट बस स्टैंड होते हुए विजयनाथ धाम पहुंचेगी। जिसका जगह-जगह भव्य स्वागत किया जाएगा। नगर के विजयनाथ धाम शिव मंदिर में विराजमान भूप्रकट भोलेनाथ की बारात प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष में बड़े ही धूमधाम के साथ निकाली जाएगी। नगर में आयोजित इस कार्यक्रम में लोग बढ़.चढकऱ हिस्सा लेंगे और अपना सहयोग प्रदान करेंगे। वहीं ऐतिहासिक कार्यक्रम में भूतनाथ नंदी औघड़दानी शामिल होंगे जो आकर्षण का केंद्र बनेगा, जिसे देखने लोगों का हजूम उमड़ेगा। वहीं लोगों में भारी उत्साह का माहौल है। सुरक्षा व्यवस्था में जगह-जगह पुलिस बल बड़ी संख्या में तैनात रहेगा।
रूपनाथ धाम में होगा आयोजन
ग्रामीण इलाकों में भी महाशिवरात्रि पर्व की खासी धूम रहेगा। बहोरीबंद स्थित रूपनाथ धाम में भी भगवान भोलेनाथ की विशेष अराधना की जाएगी। इसके अलावा हुनमत कुटी आश्रम देवरीकलां में पूजा होगी। ग्राम गुलवारा उपसरपंच ने बताया कि मंदिर में सुबह 10 बजे से अभिषेक, 12 बजे से प्रसाद वितरण किया जाएगा। शाम को भगवान शिवजी की बारात निकाली जाएगी।
अन्य मंदिरों में भी होगा विशेष आयोजन
शहर के अन्य मंदिरों में भी विशेष अनुष्ठान और पूजा-अर्चना की जाएगी। मंदिर समितियां इस पावन पर्व को भव्य रूप देने के लिए तैयारियों में जुटी हैं। मंदिरों की साफ. सफाई, रंगाई-पुताई और विद्युत साज-सज्जा की जा रही है। अभिषेक, रुद्राभिषेक और महामृत्युंजय जाप जैसे धार्मिक अनुष्ठान होंगे। भजन संध्या, प्रवचन और शिव तांडव नृत्य का आयोजन किया जाएगा। शहर के विभिन्न धार्मिक संगठनों द्वारा भंडारे और सेवा शिविर भी लगाए जाएंगे। भक्तों के लिए प्रसाद वितरण की व्यवस्था की जा रही है।

Exit mobile version