14वीं मंजिल से कूदकर सरकारी कॉन्ट्रैक्टर ने दी जान

इंदौर। लसूड़िया थाना क्षेत्र में सोमवार दोपहर एक सरकारी कॉन्ट्रैक्टर ने बिल्डिंग की 14वीं मंजिल की बालकनी से कूदकर जान दे दी। आवाज सुनकर परिजन नीचे पहुंचे तो घटना का पता चला। सुबह से कई बार वह साथ काम करने वाले कर्मचारियों को फोन लगाकर घर बुला रहे थे। उनके पहुंचने के बाद उन्होंने छलांग लगा दी। परिजन को गिरने की आशंका है, जबकि पुलिस को प्राथमिक जांच में खुदकुशी के साक्ष्य मिले हैं।

पुलिस के मुताबिक मृतक प्रतीक (26) पिता विजयसिंह हाड़ा निवासी मैपलवुड कॉलोनी निपानिया हैं। सुपरवाइजर नीलेश पाटिल ने बताया कि प्रतीक का हीरानगर थाना क्षेत्र स्थित बीमा अस्पताल में सिविल मेंटेनेंस का ठेका था। सालभर पहले पिता की मौत के बाद से वे उनका बिजनेस संभालने लगे। वे पत्नी व मां के साथ बी ब्लॉक स्थित प्लैट नं. 1405 में किराए से रह रहे थे। सुबह करीब 10.30 बजे फोन लगाकर घर बुलाया, काम होने से वे नहीं गए। इसके बाद फिर फोन किया। एक बजे तीसरी बार बात हुई तो कहा दूसरे सुपरवाइजर शेखर को लेकर घर आ जाओ।

अंदर से बंद था दरवाजा

पाटिल के मुताबिक दोनों करीब डेढ़ बजे घर पहुंचे तब प्रतीक नहा रहे थे। पत्नी और मां के बीच त्योहार पर कर्मचारियों को पेमेंट करने को लेकर चर्चा हो रही थी। इसी दौरान पत्नी को गिरने की आवाज सुनाई दी। सब भागकर कमरे की तरफ गए तो दरवाजा अंदर से बंद था। गार्ड और अन्य लोग घटनास्थल पर पहुंचे।

Exit mobile version