12 मार्च के बाद निकाय चुनावों की घोषणा? लव जिहाद के खिलाफ आज मध्य प्रदेश विधानसभा में पारित होगा विधेयक
भोपाल। लव जिहाद को रोकने के लिए कड़ी सजा के प्रविधान वाला धार्मिक स्वतंत्रता विधेयक सोमवार को विधानसभा में पारित किया जाएगा। शुक्रवार को सदन में इस पर चर्चा प्रस्तावित थी लेकिन अन्य कार्यों में समय अधिक लगने की वजह से इस पर चर्चा नहीं हो पाई थी। सोमवार को राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग (संशोधन) विधेयक को भी चर्चा करके पारित किया जाएगा। सरकार इन कानूनों को अध्यादेश के माध्यम से प्रभावी कर चुकी है।
विधानसभा में सोमवार को भोपाल स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के विस्थापितों का मुद्दा ध्यानाकर्षण के माध्यम से भोपाल दक्षिण पश्चिम के विधायक पीसी शर्मा उठाएंगे। वहीं, विभागवार बजट पर चर्चा की शुरुआत भी होगी। सबसे पहले मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से जुड़े विभागों (सामान्य प्रशासन, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, जनसंपर्क, प्रवासी भारतीय, महिला एवं बाल विकास, नर्मदा घाटी विकास, लोक परिसंपत्ति प्रबंधन और विमानन) के बजट पर चर्चा कर उन्हें पारित किया जाएगा। इसके बाद लोक निर्माण, कुटीर एवं ग्रामोद्योग, वन, खाद्य,नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग के बजट पर भी चर्चा प्रस्तावित है।
भाजपा विधायक दल की बैठक में निकाय चुनाव और सत्र को लेकर होगी चर्चा
भाजपा विधायक दल की सोमवार को आवश्यक बैठक मुख्यमंत्री आवास पर बुलाई गई है। सभी विधायकों को इसमें अनिवार्य रूप से हिस्सा लेने के लिए कहा गया है। बताया जा रहा है कि बैठक में नगरीय निकाय चुनाव और बजट सत्र की शेष अवधि को लेकर चर्चा की जाएगी।
भाजपा विधायक दल के मुख्य सचेतक डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने बताया कि बैठक शाम साढ़े सात बजे से होगी। इसमें आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तय की जाएगी। सभी विधायकों को नगरीय निकाय चुनावों की तैयारियों में जुटने के लिए पहले ही निर्देश दिए जा चुके हैं। मुख्यमंत्री नगर निगम वाले क्षेत्रों का दौरा कर चुके हैं तो प्रदेश भाजपा अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा की लगातार बैठकें हो रही हैं।

