मध्यप्रदेश

नारी शक्ति को मिलेगी नई ऊंचाई: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बताया बड़ा कदम, 15 अप्रैल को होगा राज्य स्तरीय कार्यक्रम

नारी शक्ति को मिलेगी नई ऊंचाई: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बताया बड़ा कदम, 15 अप्रैल को होगा राज्य स्तरीय कार्यक्रम । मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि मध्यप्रदेश में महिलाओं की राजनीतिक सहभागिता और लोकतांत्रिक अधिकारों को मजबूत करने के लिए राज्य सरकार एक ऐतिहासिक पहल कर रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में लागू ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ की भावना को जमीन पर उतारने के उद्देश्य से प्रदेश में “नारी शक्ति वंदन पखवाड़ा” मनाया जा रहा है। इस पखवाड़े के तहत 10 अप्रैल से 25 अप्रैल तक विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में 15 अप्रैल को शाम 4 बजे रवीन्द्र भवन, भोपाल में राज्य स्तरीय मुख्य कार्यक्रम का आयोजन होगा।

महिला नेतृत्व पर होगी विशेष प्रदर्शनी

इस कार्यक्रम में “महिला नेतृत्व की यात्रा” विषय पर विशेष प्रदर्शनी लगाई जाएगी, जिसमें महिलाओं की उपलब्धियों और भविष्य की संभावनाओं को दर्शाया जाएगा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव कार्यक्रम में शामिल होकर महिलाओं की भूमिका को और मजबूत करने पर चर्चा करेंगे।

 विभिन्न क्षेत्रों की महिलाएं होंगी शामिल

इस आयोजन में पद्मश्री सम्मानित महिलाओं के साथ-साथ डॉक्टर, वकील, इंजीनियर, कलाकार और सामाजिक कार्यकर्ता शामिल होंगी। इसके अलावा लाड़ली बहना योजना की लाभार्थी महिलाएं, स्वयं सहायता समूह की सदस्य, महिला पर्यवेक्षक, परियोजना अधिकारी और मीडिया प्रतिनिधि भी हिस्सा लेंगी।

गांव-गांव तक पहुंचेगा अभियान

पखवाड़े के दौरान पूरे प्रदेश में जागरूकता कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं। ग्राम पंचायतों में विशेष ग्राम सभाएं आयोजित की जा रही हैं, जिनमें नारी शक्ति वंदन अधिनियम पर चर्चा हो रही है।इसके साथ ही “नारी शक्ति पदयात्रा” और “युवा संवाद” जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से समाज में महिलाओं की भूमिका को और अधिक सशक्त बनाने की कोशिश की जा रही है।सरकार का मानना है कि महिलाओं की भागीदारी बढ़ने से न केवल सामाजिक बदलाव आएगा, बल्कि लोकतांत्रिक व्यवस्था भी और मजबूत होगी।

Ashutosh shukla

30 वर्षों से निरन्तर सकारात्मक पत्रकारिता, संपादक यशभारत डॉट काम