katniमध्यप्रदेश

डन कॉलोनी में रविवार 31 मई को आयोजित राहगीरी डे में स्वच्छता ओर फिटनेस का होगा संगम,निगम प्रशासन ने नगरवासियों से सहभागिता की,की अपील

डन कॉलोनी में रविवार 31 मई को आयोजित राहगीरी डे में स्वच्छता ओर फिटनेस का होगा संगम,निगम प्रशासन ने नगरवासियों से सहभागिता की,की अपील

कटनी – एक आदर्श शहर की परिकल्पना केवल चमचमाती सड़कों या ऊंची इमारतों से पूर्ण नहीं होती। उसकी असली पहचान होती है – स्वस्थ नागरिक और स्वच्छ परिवेश। इसी मूलमंत्र को आत्मसात करते हुए नगर पालिक निगम कटनी

रविवार, 31 मई 2026 को प्रातः 7 बजे से मदन मोहन चौबे वार्ड स्थित डन कॉलोनी में ‘राहगीरी डे’ कैंपेन 2026 के आठवें संस्करण के माध्यम से शहर को ‘फिट सिटी, क्लीन सिटी’ बनाने की दिशा में एक और सशक्त कदम बढ़ाने जा रहा है।

 

स्वच्छता बिना स्वास्थ्य अधूरा

 

निगम प्रशासन का मानना है कि स्वच्छता और स्वास्थ्य एक ही सिक्के के दो पहलू हैं। गंदगी जहां बीमारियों को जन्म देती है, वहीं निष्क्रिय जीवनशैली नागरिकों की उत्पादकता को घटाती है। यदि प्रत्येक नागरिक अपने घर, गली और मोहल्ले को स्वच्छ रखने का संकल्प ले तथा स्वयं को फिट रखने के लिए प्रतिदिन कुछ समय निकाले, तो ही ‘विकसित और आदर्श कटनी’ का सपना साकार हो सकेगा। ‘राहगीरी डे’ इसी जन-भागीदारी को आंदोलन का रूप देने का माध्यम है।

 

कॉलोनी की सड़कें बनेगी सेहत और संकल्पों की सड़क

 

राहगीरी डे का आयोजन महज एक सुबह की मस्ती नहीं, बल्कि व्यवहार परिवर्तन का जीवंत मंच बनेगा, जहां खेल-खेल में नागरिकों को स्वच्छता, स्वास्थ्य और सामाजिक उत्तरदायित्व का पाठ पढ़ाया जाएगा।

कार्यक्रम में योग सत्र से जहां शरीर और मन का संतुलन सिखाया जाएगा। जुंबा की थिरकन पर फिटनेस का संदेश गूंजेगा। साइकिल रैली और स्केटिंग के पहिए ‘एक्टिव कटनी’ का पैगाम देंगे। बच्चों से बुजुर्गों तक के लिए खेल प्रतियोगिताएं स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना जगाएंगी।

 

स्वच्छता की पाठशाला:

 

आयोजन के दौरान ‘फोर बिन सिस्टम’ के लाइव डेमो से बताया जाएगा कि गीला-सूखा कचरा अलग करना क्यों जरूरी है। नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से सिंगल यूज प्लास्टिक के दुष्प्रभावों को उजागर किया जाएगा। ‘हस्ताक्षर अभियान’ और ‘स्वच्छता शपथ’ के तहत हर नागरिक अपने शहर को साफ रखने का सार्वजनिक प्रण लेगा।

 

निगम का आह्वान: एक सुबह, शहर के नाम

 

नगर निगम प्रशासन ने नगर के जनप्रतिनिधियों गणमान्य नागरिकों, मदन मोहन चौबे वार्ड एवं आसपास के क्षेत्र के सभी नागरिकों, युवाओं, महिलाओं, बच्चों एवं वरिष्ठजनों से इस अभियान में सपरिवार शामिल होने की अपील की है। निगम का मानना है कि जब सड़कें कुछ घंटों के लिए वाहनों से मुक्त होकर नागरिकों की हो जाती हैं, तब वहां केवल मनोरंजन नहीं होता, बल्कि एक बेहतर शहर की नींव रखी जाती है।

‘राहगीरी डे’ का मूल संदेश यही है – फिटनेस को अपनी दिनचर्या बनाएं और स्वच्छता को अपना स्वभाव। क्योंकि स्वस्थ नागरिक ही स्वच्छ शहर का निर्माण कर सकते हैं।

Back to top button