हाईकोर्ट के आदेश पर गौरिहार थाना प्रभारी गिरफ्तार

छतरपुर। हाईकोर्ट जबलपुर के निर्देश पर गौरिहार थाना प्रभारी जसवंत सिंह को गिरफ्तार किया गया है। हाईकोर्ट ने हत्या के मामले की डायरी पेश न करने पर थाना प्रभारी के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किया था। कोर्ट के आदेश पर रविवार को लवकुशनगर एसडीओपी पीएल प्रजापति ने थाना प्रभारी को गिरफ्तार कर हाईकोर्ट के निर्देश पर सीजेएम छतरपुर के सामने पेश किया, जहां से उन्हे जबलपुर कोर्ट में सोमवार को मय डायरी पेश करने के लिए भेज दिया गया है।

सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार गौरिहार थाना इलाके में वर्ष 2017-18 हत्या के प्रयास के मामले में हाईकोर्ट ने 20 मार्च को डायरी तलब की थी। आरोपी के जमानत आवेदन पर सुनवाई के लिए हाईकोर्ट ने डायरी तलब की थी, लेकिन पुलिस ने डायरी पेश नहीं की। इधर आरोपी को जेल भेज दिया। हाईकोर्ट ने आदेश की अवमानना करने पर थाना प्रभारी के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी कर मय डायरी कोर्ट में प्रोड्यूस करने के आदेश दिए थे।

जिस पर पुलिस ने रविवार को कार्रवाई की है। वहीं, पुलिस विभाग के सूत्रों का कहना है कि पुलिस ने डायरी पेश की थी, लेकिन समय से न्यायालय की डेस्क तक नहीं पहुंच सकी। वहीं, डायरी पेश नहीं करने पर कोर्ट ने अरेस्ट वारंट जारी किया था, जिसपर लवकु शनगर एसडीओपी पीएल प्रजापति गौरिहार थाना प्रभारी जसवंत सिंह और डायरी को रविवार की शाम लेकर जबलपुर रवाना हो गए। जिन्हें सुबह 10.30 बजे हाईकोर्ट में पेश किया जाएगा। एसपी सचिन शर्मा का कहना है कि कोर्ट के गिरफ्तारी वारंट पर अमल कर मय डायरी के पेश करने की कार्रवाई की जा रही है।

Exit mobile version