किरार-धाकड़ समाज का राष्ट्रीय सम्मेलन: सियासत में साधना का ये आगाज है!
भोपाल। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की पत्नी साधना सिंह सियासत में एंट्री करने को तैयार हैं. किरार समाज की राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद अब वो न केवल सामाजिक कार्यक्रमों में सक्रिय नजर आ रही हैं, बल्कि खुलकर अपनी बात भी रख रही हैं. राजधानी भोपाल में हुए किरार धाकड़ समाज के राष्ट्रीय परिचय सम्मेलन में कुछ ऐसा ही नज़ारा देखने को मिला. इस मौके पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और लोकसभा स्पीकर सुमित्रा महाजन भी मौजूद रहीं.
सामने हजारों की भीड़ थी और साधना सिंह मंच से बोल भी रही थीं. क्या सियासत में साधना का ये आगाज है.! शिवराज फैमिली माने न माने सियासत के गलियारों में अब ये चर्चा आम हो चली है कि साधना सिंह सियासत में एंट्री करने वाली हैं. इस एंट्री का आगाज राजधानी भोपाल के भेल दशहरा मैदान में देखने को मिला. जहां हजारों की भीड़ के बीच साधना बोलीं, मैं महाराष्ट्र की बेटी हूं, मध्य प्रदेश की बहू और राजस्थान ने मुझे सम्मान दिया.
दरअसल, इसी साल फरवरी महीने में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की पत्नी साधना सिंह को किरार धाकड़ समाज का राष्ट्रीय अध्यक्ष चुना गया है. साधना सिंह के इस रोल को उनकी सियासत में एंट्री के तौर पर देखा जा रहा है. हालांकि परिचय सम्मेलन में बोलने की बारी जब साधना के पति सीएम शिवराज की आई तो वो चौंकाने वाला खुलासा कर गए. शिवराज की मानें तो उन्होंने साधना सिंह के किरार समाज का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने का विरोध किया था.
सियासत में मुद्दों की तरह ही अब ये बात भी पुरानी हो चली है. अब मंच से शिवराज, साधना को सियासत के गुर सिखा रहे हैं. हालांकि सामाजिक सरोकारों में कामयाबी की दुआएं उन्हें लोकसभा से भी मिल रही हैं.
भोपाल में हुए किरार समाज के राष्ट्रीय परिचय सम्मेलन में न केवल मध्य प्रदेश बल्कि महाराष्ट्र, राजस्थान और छत्तीसगढ़ समेत कई और प्रदेशों के लोग शामिल हुए थे. एक नजर में ये साधना के लिए शक्ति प्रदर्शन का भी मामला था. सियासत में एंट्री के इस पहले टेस्ट में क्या वाकई साधना पास हुई हैं ये आने वाला वक्त बताएगा.