Site icon Yashbharat.com

शहर में शोहदों के हौसले बुलंद, क्या कर रही कोडरेड पुलिस

yashbharat mono

जबलपुर, मुनप्र। शहर और उपनगरीय क्षेत्रों के अलावा ग्रामीण इलाकों में भी महिलाओं के साथ छेड़खानी, बलात्कार जैसी घटनाओं के ग्राफ में इजाफा हुआ है।

शायद ही कोई दिन ऐसा बीतता होगा जब कोई न कोई घटना इस तरह की सामने न आ रही हो। पूर्व में जब एमएस सिकरवार पुलिस अधीक्षक थे तो उन्होंने कोडरेड टीम गठित की थी जिसकी सक्रियता के चलते शोहदों की गतिविधियों पर अंकुश भी लगा था।

लेकिन एक बार फिर शोहदों के हौसले बुलंद नजर आने लगे हैं। बीती रात बेलबाग थानातंर्गत फूटताल दुर्गाचौक क्षेत्र की रहने वाली एक किशोरी ने पुलिस में शिकायत दर्ज करायी है कि पूर्व में उसकी जानपहचान नितिन कश्यप नामक युवक से हुई थी और उससे उसके रिश्ते की बात भी चल रही थी लेकिन नितिन का चाल चलन ठीक न होने के चलते किशोरी के परिजनों ने रिश्ते के संबंध में बात करना बंद कर दिया। किशोरी ने भी नितिन से बात करना बंद कर दिया जिसके बाद आये दिन नितिन किशोरी के साथ छेड़खानी करता और धमकी भी देता रहा कि यदि तुम मुझसे बात नहीं करोगी तो मैं तुम्हारे मम्मी पापा को मार डालूंगा।

किशोरी ने दर्ज करायी शिकायत में बताया कि बीती रात करीब साढ़े नौ बजे वह घर के पास ही सिंधी की दुकान में कुछ सामान लेने गयी हुई थी जहां नितिन और निक्की कश्यप खड़े हुए थे। इन लोगों किशोरी से कहा कि तू ज्यादा अपने मां बाप के कहने में लगी है और हमसे बात नहीं कर रही। इन लोगों ने किशोरी के साथ गाली गलौज करना भी शुरू कर दिया और उसे एक चांटा भी मारा। बाद में किशोरी घर पहुंची और अपने साथ हुई घटना की रिपोर्ट पुलिस में दर्ज करायी। पुलिस ने धारा 354 बी 294, 323, 506 और 34 के तहत मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
दो दिन में इस तरह की कई घटनाएं
शोहदों की गतिविधियों का अंदाजा इसीसे से लगाया जा सकता है कि यदि पिछले दो दिनों में दर्ज हुई शिकायतों पर नजर डाली जाए तो वस्तुस्थिति स्वतः ही सामने आ जाएगी। गत दिवस अधारताल थानांतर्गत सुभाषनगर भड़पुरा में दिनदहाड़े घर में घुसकर एक शोहदे ने किशोरी के साथ छेड़छाड़ का प्रयास किया।पुलिस ने बताया कि सुभाषनगर निवासी किशोरी दोपहर तीन बजे जब घर में अकेली थी तभी राकेश राजपूत उसके घर में घुस आया और बुरी नीयत से उसका हाथ पकड़ लिया।

उसने धमकी दी कि यदि विरोध किया तो जान से मार दूंगा। इस दौरान किशोरीकी मां जो सो रही थी वह उठ गयी जिसके बाद राकेश गाली गलौज करते हुए वहां से भाग गया।
महिला के कपड़े फाड़े
अधारताल थाना क्षेत्र में ही विगत दिवस अपनी सहेली से मिलने गयी एक 34 वर्षीय महिला से एक शोहदे ने मोबाइल नंबर मांगा। महिला ने जब मोबाइल नंबर देने से इनकार किया तो शोहदे ने अश्लीलता करते हुए महिला के कपड़े फाड़ दिए।

पुलिस ने बताया कि पहले महिला जहां रहती थी वहां रहने वाली अपनी सहेली से मिलने गयी थी शाम को करीब 6 बजे जब वो वापस लौट रही थी तभी रास्ते में पीछा करते हुए सुरेन्द्र वर्मन आया और उसका मोबाइल नंबर मांगने लगा महिला ने मोबाइल नंबर देने से मना किया तो सुरेन्द्र ने उसे पकड़ लिया और अश्लीलता करते हुए उसके कपड़े तक फाड़ डाले। महिला की रिपोर्ट पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। ऐसी ही एक घटना सुहागी में भी सामने आयी है जब एक शोहदे ने दस वर्षीय बालिका के साथ छेड़छोड़ करने के बाद ईर्ंट से हमला कर दिया।

पुलिस ने बताया कि सुहागी निवासी कक्षा पांचवी में पढ़ने वाली दस वर्षीय बालिका किराना दुकान से पोहा लेकर घर आ रही थी तभी उसका पीछा भूषण खत्री ने किया और उसके साथ अश्लीलता करने लगा। विरोध करने पर भूषण ने बालिका पर ईंट से हमला कर दिया और फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।

Exit mobile version