जबलपुर। विधानसभा चुनाव आदर्श आचार संहिता और निर्वाचन नियमों का पालन कराने गठित दलों द्वारा की जा रही कार्यवाही के तहत आज पनागर विधानसभा क्षेत्र में करौंदानाला बाईपास के पास मारूती वेगनआर वाहन से ६ लाख ८३ हजार रूपए की नगद राशि जब्त की गई है।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी नम:शिवाय अरजरिया के मुताबिक पनागर विधानसभा क्षेत्र के करौंदानाला बाईपास के नजदीक तैनात स्थैतिक निगरानी दल द्वारा आज शाम करीब ४.३० बजे की गई इस कार्यवाही में जब्त राशि को जिला कोषालय के सुपुर्द कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि वाहन से नगद राशि जब्त करने की यह कार्यवाही मतदाताओं को प्रभावित करने या मतदाताओं को प्रलोभन देने में राशि के दुरूपयोग के संदेह पर की गई है।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने इस बारे में निर्वाचन आयोग के निर्देशों का हवाला देते हुए बताया कि निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान कोई भी व्यव्ति अपने साथ ५० हजार या इससे अधिक रूपए की राशि लेकर चलता है तो संदेह के आधार पर राशि जब्त कर उसकी पड़ताल की जा सकती है। उन्होंने बताया कि इस प्रकरण में वेगनआर वाहन चालक द्वारा नगदी ले जाने के सम्बन्ध में कोई भी दस्तावेज या प्रमाण प्रस्तुत नहीं किए जा सके थे।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी के अनुसार मारूति वेगनआर क्रमांक एमपी सीजी ८१३९ में नगद राशि जब्त करने की यह कार्यवाही पी.एन. हजारी के नेतृत्व वाले एसएसटी दल द्वारा की गई। कार्यवाही के दौरान वाहन गुरंदी बाजार निवासी डेयरी व्यवसायी सतीश कवात्रा चला रहे थे। श्री अरजरिया ने बताया कि प्रकरण में एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश सम्बन्धित एसएसटी दल के प्रभारी को दिए गए हैं।

