वर्ल्ड बुक ऑफ रिकार्ड ने माना भोपाल भाजपा महाकुंभ को अब तक का सबसे बड़ा राजनीतिक आयोजन

भोपाल । भाजपा कार्यकर्ता महाकुंभ को वर्ल्ड बुक ऑफ रिकार्ड ने किसी भी राजनीतिक दल का अब तक का सबसे बड़ा आयोजन माना है।

कार्यकर्ता महाकुंभ सोशल मीडिया पर छाया रहा। दोपहर के समय यह पूरे देश में कार्यकर्ता महाकुंभ हैशटैग से नंबर वन टि्वटर ट्रेंडिंग टॉपिक रहा। कार्यकर्ता महाकुंभ को लेकर लगभग 40 हजार ट्वीट और रिट्वीट किए गए। महाकुंभ सोशल मीडिया पर बीजेपी एमपी, ऑफिस ऑफ शिवराज सहित कई टि्वटर हैंडल से लाइव भी किया गया, जिसे व्यापक स्तर पर लोगों ने देखा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी कार्यकर्ता महाकुंभ में आने से पहले ट्वीट किया कि वे जल्द ही पहुंच रहे हैं।

कार्यक्रम शुरू होते ही यू-ट्यूब से लेकर सोशल मीडिया के हर प्लेटफॉर्म तक भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह सहित पार्टी के केंद्रीय कार्यालय ने भी कार्यकर्ता महाकुंभ का सीधा प्रसारण किया। पार्टी ने ट्वीट कर दावा किया कि कार्यकर्ता महाकुंभ को वर्ल्ड बुक ऑफ रिकार्ड ने मंगलवार को विश्व के किसी भी राजनीतिक दल का अब तक का सबसे बड़ा आयोजन माना है।

पार्टी के ट्वीट के मुताबिक इसका सर्टिफिकेट भी सौंपा गया है। पार्टी के संगठन महामंत्री रामलाल से लेकर केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान, हर्षवर्द्धन सहित कई नेताओं के टि्वटर हैंडल से भी ट्वीट किए गए। उधर, कांग्रेस समर्थकों ने भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ उन्हें घेरते हुए ट्रेंडिंग की कोशिश की, लेकिन वे सफल नहीं हो पाए। थोड़ी देर के लिए ही वे नंबर दो पर पहुंच पाए थे।

Exit mobile version