Site icon Yashbharat.com

रेलवे ठेकेदार की ट्रैक्टर ट्राली पलटी मजदूर की मौत

n24655219483b6720651ec08d9652b74f6444c9ae3d1c3cf92257f7389039088268a63edfe

इटारसी। रेलवे थर्ड लाइन का काम कर रहे ठेकेदार की एक ट्रैक्टर ट्राली सोमवार दोपहर हादसे का शिकार हो गई। हादसे में ट्रैक्टर के बायीं ओर बैठे एक कर्मचारी की ट्रैक्टर में दबकर मौत हो गई, जबकि चालक समेत दो कर्मचारी घायल हो गए।

एक कर्मचारी कूदकर मौके से भाग गया। इस मामले में पुलिस ने चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया है। एएसआइ भोजराज बरबड़े ने बताया कि रेलवे थर्डलाइन में ब्रिज का काम चल रहा है। इस कंपनी के चार कर्मचारी सामान लेने के लिए साकेत जा रहे थे, तभी रेल लाइन के निर्माणाधीन ब्रिज पर नाले में ट्रैक्टर-ट्राली पलट गई।

हादसे में ग्राम बरूठ थाना तामिया निवासी 22 वर्षीय कर्मचारी गन्नाू भोपा पुत्र जंगलू भोपा की मौत हो गई।

वह मजदूरी करने यहां आया था। इसी गांव के निवासी मुकेश धुर्वे एवं ट्रैक्टर चला रहे सुशांत मंडल को भी चोट पहुंची है। हादसे के बाद राहगीरों एवं पुलिस ने मौके पर पहुंचकर गन्नाू को बाहर निकाला, लेकिन सीने में अंदरूनी चोट लगने से उसे चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। सुशांत एवं मुकेश भी हादसे में जख्मी हुए हैं, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद होशंगाबाद रेफर किया गया है।

एक अन्य सवार संतोष चौधरी हादसे के बाद मौके से भाग गया। बरबड़े के अनुसार ट्रैक्टर उतारते समय संतुलन बिगड़ने से चालक घबरा गया और ट्रैक्टर ट्राली दो हिस्सों में विभाजित होकर नाले में पलट गई। गन्नाू ड्राइवर सीट के पास बाएं मडगाड पर बैठा हुआ था। इस मामले में पुलिस ने आरोपित चालक पर मामला पंजीबद्ध किया है।

Exit mobile version