जबलपुर। 12 वर्षों से फरार वारंटी को हनुमान ताल पुलिस ने ग्वारीघाट क्षेत्र में धर दबोचा। वारंटी राजेश तिवारी को पुलिस ने लड़की वाला बनकर ग्वारीघाट स्थित एक होटल में बुलाया, जहां पर बातचीत करते हुए उसे हिरासत में ले लिया। राजेश तिवारी को पकडऩे के लिए हनुमानताल पुलिस द्वारा संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही थी। इस संबंध में हनुमानताल टीआई विजय तिवारी ने बताया कि बाबा टोला क्षेत्र में रहने वाले राजेश तिवारी उम्र 48 वर्ष जो एलआईसी एजेंट के रुप में काम करते रहे, जिनके चैक बाउंस के 5 स्थाई वारंट व दो गिरफ्तारी वारंट रहे, जो करीब 12 वर्ष से लगातार फरार चल रहे थे।
पुलिस को ज्ञात हुआ कि राजेश तिवारी ग्वारीघाट क्षेत्र में किराए के मकान में निवासरत है। जिसपर पुलिस की टीम ग्वारीघाट पहुंची और परिजनों से राजेश के बारे में पूछताछ की तो पता चला कि घर पर नहीं है, इस दौरान पुलिस को जानकारी लगी कि राजेश का एक बेटा है। जिस पर सादी वर्दी में पहुंची पुलिस ने कहा कि लड़की की शादी के संबंध में बातचीत करना है। तीन दिन तक पुलिस कर्मी सादी वर्दी में राजेश के घर जाते रहे, इस बीच राजेश तिवारी का मोबाइल नम्बर प्राप्त कर बात की। राजेश ने पुलिस कर्मियों को लड़की पक्ष का समझकर ग्वारीघाट स्थित होटल में बातचीत करने के लिए बुला लिया, आज जब सिविल डे्रस में पुलिस कर्मी होटल में राजेश से मिले और बातचीत की, इस दौरान हनुमानताल पुलिस की एक और टीम जो छिपी बैठी थी वह भी आ गई और राजेश को हिरासत में ले लिया. पुलिस ने राजेश तिवारी को हिरासत में लेने के बाद माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से राजेश को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।