जबलपुर मुनप्र। आगामी 28 नवंबर होने जा रहे विधानसभा चुनाव के लिए अब एक केवल पांच दिन का समय शेष रह गया है। जिसके मद्देनजर चुनाव लड़ रहे प्रत्याशियों का जनसंपर्क तेज हो गया है। उधर प्रशासनिक तैयारियां भी अंतिम दौर पर पहुंच गई है। मतदान दलों को अंतिम दौर का प्रशिक्षण दिए जाने का सिलसिला भी शुरू हो गया है। शांतिपूर्ण और निर्विघ्न मतदान कराने को लेकर चुनाव आयोग द्वारा भेजे गए प्रेक्षकों ने भी पहुंचकर अपना काम तेज कर दिया है। प्रेक्षक अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों में चुनावी गतिविधियों पर नजर रखे हुए हैं। जिले कें आठ विधानसभा सीटों पर मतदान केन्द्र बनाए गए हैं, जहां आगामी 28 नवंबर को वोट डाले जाएंगे। मतदान कराने के लिए 6 हजार से अधिक कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई जा रही है, उन्हें ड्यूटी आर्डर भी मिल चुका है। निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुसार कर्मचारियों की मतदान दलों में नियुक्ति के दौरान इस बात का ध्यान रखा गया है कि मतदान दल का सदस्य उस विधानसभा क्षेत्र का मतदाता व निवासी न हों, जहां उसकी ड्यूटी लगाई गई है। इस प्रकिया के लिए एक साफ्टवेयर तैयार किया गया है। कम्प्यूटर पर इस साफ्टवेयर के माध्यम से रेंडमाईजेशन की प्रकिया को अंजाम दिया गया है। मतदान समाप्त होने के 48 घंटे पहले यानि 26 नवम्बर की शाम 5 बजे चुनावी शोरगुल बंद हो जाएगा और इसके बाद घर-घर मतदाताओं से संपर्क किया जाएगा। चुनाव को लेकर पांच दिन से भी कम समय शेष बचे होने पर राजनैतिक दलों के प्रत्याशियों द्वारा शेष बचे हुए क्षेत्रों में जनसंपर्क तेज कर दिया गया है।
मतदान को पांच दिन , आयोग की सब ओर नजर

