katniमध्यप्रदेश

Katni: बरही पुलिस की सामुदायिक पुलिसिंग, ग्राम कुनवा में TI ने लगाया चलित थाना

कटनी/बरही। आज दूसरे रविवार को बरही थाना प्रभारी संदीप अयाची ने ग्राम कुनवा में चलित थाना लगाया। इसमें ग्राम पंचायत के सरपंच, जनपद सदस्य सहित अन्य जनप्रतिनिधि व भारी संख्या में ग्रामीण पहुंचे थे।

चलित थाने में पुलिस को करीब आधा दर्जन शिकायतें मिली, जिसका मौके पर ही निराकरण किया गया। जो शिकायतें सामने आई इसमें जमीन संबंधी विवाद, आपसी रंजिश को लेकर लड़ाई झगड़े के अधिक मामले शामिल थे।

जहां दोनों पक्षों को पुलिस व जनप्रतिनिधियों ने समझाइश देते हुए सालों व महीनों से लंबित प्रकरणों का त्वरित निराकरण कर दिया। इस दौरान बरही थाना प्रभारी संदीप अयाची द्वारा ग्रामीणों को आपस में लड़ाई झगड़े नहीं करने, आपसी रंजिश की वजह से झूठी शिकायतें नहीं करने की भी समझाइश दी गई।

IMG 20201108 WA0026

इस चलित थाना कार्यक्रम से ग्रामीण उत्साहित थे और समय समय पर कार्यक्रम कुनवा के ग्रामीणों ने आयोजित करने की मांग की। गौरतलब है कि पुलिस अधीक्षक ललित शाक्यवार व अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संदीप मिश्रा से आवश्यक दिशा निर्देश लेकर विजयराघवगढ़ एसडीओपी शिखा सोनी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी संदीप अयाची ने बीते रविवार से थाना क्षेत्र के किसी एक गांव में चलित थाना लगाकर समस्याओं के निराकरण की शुरुआत की थी।

बहरहाल चलित थाना में बरही थाना प्रभारी संदीप अयाची ने ग्रामीणों को एटीएम फ्रॉड, सोना-चांदी साफ करने वाले, मोबाइल फोन के माध्यम से धोखाधड़ी करने वाले, तंत्र-मंत्र  से झाडफ़ूंक करने वाले, झोलाछाप डॉक्टरों से बचने, साप्ताहिक बाजार में उठाईगीरी, बैंक में सावधानी से लेन-देन, चिटफंड कंपनियों से बचने, शराब की प्रवृत्ति से दूर रहने, फेरी करने वाले गिरोहों, कैशलेस ट्रांजेक्शन सहित कई तरह की जानकारियां ग्रामीणों को दी।

पुलिस ने ग्रामीणों को बताया कि इन दिनों गांव-गांव में रकम दुगुना करने वाली कंपनियां लोगों को झांसे में ले रही है। ऐसे लोगों से बचने की जरूरत है। शिविर में पुलिस ने जुआ व शराब की प्रवृत्ति से बचने आग्रह किया।

ग्रामीणों को बताया गया कि गांव में अवैध तरीके से बिकने वाली शराब की जानकारी दें ताकि उन्हें पकड़ा जा सके। चलित थाना में आसपास के गांवों के सैकड़ों लोग भाग लिए।

कोरोना से बचाव के उपाय भी बताए पुलिस ने
वहीं चलित थाना में पुलिस ने उपस्थित ग्रामीणों को कोरोना संक्रमण से बचाव के उपाय भी बताए। ग्रामीणों को घर से बाहर निकलने पर मास्क लगाने व सोशल डिसटेंस का पालन करते हुए कोरोना संक्रमण से बचने की जानकारी दी गई।

Ashutosh shukla

30 वर्षों से निरन्तर सकारात्मक पत्रकारिता, संपादक यशभारत डॉट काम