पालक सुनिश्चित करेंगे बच्चे बीमार नहीं हैं, तब दे सकेंगे 12 वीं की परीक्षा
MP Board Exam 2020 : भोपाल (नईदुनिया प्रतिनिधि)। माध्यमिक शिक्षा मंडल की बारहवीं की शेष परीक्षाएं 9 जून से शुरू होंगी। इसमें अभिभावकों को सुनिश्चित करना होगा कि उनका बच्चा बीमार नहीं है, तभी वे परीक्षा केंद्र पर भेजेंगे। साथ ही अभिभावकों को अपने बच्चों को कोविड-19 के संक्रमण से बचने के लिए उनके द्वारा बरती जाने वाली सावधानियों के बारे में जानकारी देनी होगी। अगर किसी विद्यार्थी को बुखार, सर्दी-खांसी है तो उसके अभिभावक को बताना होगा, जिससे उसके लिए अलग कक्ष में बैठने की व्यवस्था की जाएगी।
परीक्षा तैयारियों के संबंध में मंडल ने निर्देश जारी किया है। इसके अलावा बच्चों को मास्क पहनना होगा और अपने साथ पानी की बोतल भी लानी होगी। इस संबंध में स्कूल शिक्षा की प्रमुख सचिव रश्मि अरुण शमी ने मंडल के अधिकारियों की वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कर परीक्षा केंद्रों की व्यवस्था को लेकर जरूरी निर्देश दिए हैं।
उन्होंने निर्देश दिए हैं कि अगर परीक्षा केंद्र पर पानी की व्यवस्था की जाएगी तो डिस्पोजल ग्लास रखा जाएगा। साथ ही परीक्षा कक्ष में सुरक्षित शारीरिक दूरी का पालन हो और प्रत्येक बच्चे के हाथ सैनिटाइज कराए जाएं। साथ ही उनकी स्क्रीनिंग भी की जाए।

