जबलपुर। श्रीजानकीरमण कॉलेज में मतदाता जागरूकता व मार्बल रॉक मैराथन को प्रोत्साहित करने के लिए विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। सबसे पहले बैटन रेस मशाल के स्वागत के लिए सैकड़ों की संख्या में छात्र-छात्राओं ने मानव श्रृंखला बनाई। नाट्य लोक संस्था के कलाकारों ने नुक्कड़ नाटक की प्रस्तुति दी। रैली में बैनर व पोस्टरों के साथ कॉलेज के छात्र-छात्राओं व आध्यापकों ने भाग लेकर मतदाता जागरूकता संबंधी नारे लगाए।
इसी कड़ी में जिला स्तरीय नारालेखन, भित्ति चित्र व भाषण और महिलाओं के 20-20 क्रिकेट टूर्नामेंट आयोजित किए गए। भाषण स्पर्धा में मतदाता जागरूकता और लोकतंत्र विषय पर प्रतिभागियों ने अपनी बात रखी। शासकीय निकाय अध्यक्ष शरद भाई पालन और प्रो. राजेंद्र ऋ षि, अभिमन्यु जैन व यूएस दुबे ने निर्णायकों की भूमिका निभाई।
मतदान करने की दिलाई शपथ
नाट्य लोक संस्था के कलाकारों ने अपने नाटक में मतदान करने के लिये प्रेरित किया इस मौके पर उपस्थित सभी को मतदान करने की शपथ भी दिलाई। कलाकारों में दविंदर सिंह ग्रोवर, विनय शर्मा, पूजा कनौजिया, पराग तेलंग, राहुल झारिया, शैलेन्द्र राजपूत, देवेन्द्र झारिया, शंकर भूमिया ने अपने सशक्त अभिनय के माध्यम से लोकतंत्र में मतदान की महत्वपूर्णता समझाई।
इस मौके पर प्राचार्य डॉ. अभिजात कृष्ण त्रिपाठी, रासेयो जिला संगठक डॉ. आनंद सिंह राणा मौजूद रहे। संचालन डॉ.कौशल दुबे ने किया।
