दक्षिण अफ्रीका ने भारत के सामने रखा 205 का लक्ष्य

सेंचुरियन। शार्दुल ठाकुर की उम्दा गेंदबाजी (4 विकेट) से भारत ने शुक्रवार को छठे और अंतिम वनडे में दक्षिण अफ्रीका को सस्ते में समेटा। द. अफ्रीका की पारी 46.5 ओवरों में 204 पर सिमट गई।

भुवनेश्वर कुमार की जगह प्लेइंग इलेवन में शामिल किए गए शार्दुल ने हाशिम अमला (10) को विकेटकीपर महेंद्रसिंह धोनी के हाथों झिलवाया। अभी मेजबान टीम इस सदमे से ठीक से उबरी भी नहीं थी कि शार्दुल ने कप्तान ऐडन मार्करैम (24) को ‍श्रेयस अय्यर के हाथों झिलवाया।

43 रनों पर दूसरा विकेट गिरने के बाद डीविलिसर्य और जोंडो ने पारी को संभाला। इन्होंने तीसरे विकेट के लिए 62 रनों की भागीदारी की। गंभीर होती इस साझेदारी को चहल ने तोड़ा जब उन्होंने डीविलियर्स को बोल्ड किया। उन्होंने 30 रन बनाए। हेनरिक क्लासेन से बड़ी पारी की उम्मीद थी, लेकिन वे 22 रन बनाकर बुमराह की गेंद पर शॉर्ट कवर्स पर कोहली द्वारा लपके गए। शार्दुल ने इसके बाद पारी का अपना तीसरा शिकार किया जब उनकी गेंद पर बेहारदीन (1) डीप थर्डमैन पर बुमराह को कैच थमा बैठे। कुलदीप ने मॉरिस (4) को लॉन्ग ऑफ पर धवन के हाथों झिलवाया। खाया जोंडो पर उम्मीदें टिक गई थी, लेकिन वे अर्द्धशतक पूरा करने के बाद चहल के शिकार बने। जोंडो 3 चौकों और 2 छक्कों की मदद से 54 रन बनाकर चहल की गेंद पर पांड्‍या को कैच थमा बैठे।

पांड्‍या ने मोर्ने मॉर्केल को चलता किया तो बुमराह ने इमरान ताहिर का शिकार किया। फेहलुकवायो ने 2 चौकों और 2 छक्कों की मदद से 34 रन बनाए। उन्हें शार्दुल ठाकुर ने अपना चौथा शिकारा बनाया। शार्दुल ने 52 रनों पर 4 विकेट लिए। बुमराह ने 24 रनों पर 2 और चहल ने 38 रनों पर 2 विकेट लिए।

भारत ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ अंतिम वनडे में टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। भारत ने प्लेइंग इलेवन में एक बदलाव कर भुवनेश्वर कुमार की जगह शार्दुल ठाकुर को प्लेइंग इलेवन में शामिल किया। दक्षिण अफ्रीका ने प्लेइंग इलेवन में चार बदलाव कर क्रिस मॉरिस, खाया जोंडो, इमरान ताहिर और फरहान बेहारदीन को प्लेइंग इलेवन में जगह दी।

मेजबान टीम ने जेपी डुमिनी, डेविड मिलर, तबरेज शम्सी और कगिसो रबाडा को बाहर बिठाया और इनकी जगह खाया जोंडो, फरहान बेहारदीन, क्रिस मॉरिस और इमरान ताहिर को मौका मिला।

भारत सीरीज 4-1 से आगे होने के साथ ही आईसीसी की वनडे रैंकिंग में दक्षिण अफ्रीका को पछाड़कर नंबर वन बन गया है। ऐसे में आखिरी मुकाबले में टीम इंडिया इसी रुतबे के मुताबिक खेलना चाहेगी। वहीं मेजबान टीम के पास लाज बचाने का ये आखिरी मौका है। ऐसे में वो अपनी साख बचाने के लिए पूरा जोर लगाएगी।

इस मैदान पर अच्छा है भारत का रिकॉर्ड-

1992 से अब तक इस मैदान पर इन दोनों टीमों के बीच खेले गए वनडे मैचों की बात करें तो अभी तक 6 मुकाबले खेले गए हैं। जिसमें से 3 मैच में भारत की जीत हुई है तो 2 मुकाबलों में द. अफ्रीका ने बाज़ी मारी थी। एक मैच बिना किसी निर्णय के खत्म हुआ था। इससे पहले इसी सीरीज के दूसरे मुकाबले में यह दोनों टीमें इस मैदान पर भिड़ चुकी हैं। उस मैच में भारत ने नौ विकेट से जीत दर्ज की थी। शुक्रवार को सेंचुरियन में ज़्यादातर बादल छाए रहेंगे और गरज के साथ तूफ़ान की भी संभावना है। तो टीम इंडिया को सीरीज़ का स्कोर 5-1 करने के लिए दमदार प्रदर्शन के साथ-साथ इंद्र देवती की मेहरबानी भी चाहिए होगी।

टीमें:

भारत : रोहित शर्मा, शिखर धवन, विराट कोहली (कप्तान), अजिंक्य रहाणे, श्रेयस अय्यर, महेंद्रसिंह धोनी, हार्दिक पांड्‍या, कुलदीप यादव, युजवेंद्र चहल, जसप्रीत बुमराह, शार्दुल ठाकुर।

दक्षिण अफ्रीका : हाशिम अमला, ऐडन मार्करैम (कप्तान), एबी डीविलियर्स, खाया जोंडो, फरहान बेहारदीन, हेनरिक क्लासेन, क्रिस मॉरिस, एंडिले फेहलुकवायो, लुंगी नजीडी, मोर्ने मॉर्केल, इमरान ताहिर।

Exit mobile version