वृंदावन। प्रेमानंद महाराज से जुड़े आश्रम में एक 25 वर्षीय शिष्य की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान मध्य प्रदेश के जबलपुर निवासी दीपक लोधी उर्फ रसिक दुलारी शरण के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह गुरु कृपा कुंज आश्रम की चौथी मंजिल से नीचे गिर गए थे। गंभीर हालत में उन्हें सर्वोदय अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के अनुसार, घटना गुरुवार शाम की बताई जा रही है। रसिक दुलारी शरण गुरु कृपा कुंज की चौथी मंजिल पर बने कमरे में अकेले रह रहे थे। शाम के समय वह बिल्डिंग की छत पर पहुंचे। कुछ देर बाद वह नीचे गिर पड़े। तेज आवाज सुनकर आश्रम के अन्य लोग मौके पर पहुंचे तो वह गंभीर रूप से घायल अवस्था में जमीन पर पड़े मिले। इसके बाद उन्हें तत्काल सर्वोदय अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
कमरे से मिला इलेक्ट्रॉनिक ग्राइंडर
घटना की सूचना मिलने के बाद क्षेत्राधिकारी (सीओ) वृंदावन संदीप सिंह और थाना वृंदावन पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल के साथ-साथ मृतक के कमरे की भी जांच की। फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए। पुलिस को मृतक के कमरे से एक इलेक्ट्रॉनिक ग्राइंडर भी मिला है।
पुलिस जांच में मृतक के शरीर पर गंभीर चोटों की बात सामने आई है। शरीर के एक संवेदनशील हिस्से में भी गंभीर चोट पाए जाने की जानकारी है। इस मामले में चोट कैसे लगी और इसका चौथी मंजिल से गिरने की घटना से क्या संबंध है, इसकी जांच पुलिस द्वारा की जा रही है। फिलहाल इन परिस्थितियों को लेकर किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी।
2015 में ली थी प्रेमानंद महाराज से दीक्षा
जानकारी के मुताबिक दीपक लोधी पहले जबलपुर में बिजली मिस्त्री का काम करते थे। उन्होंने सितंबर 2015 में संत प्रेमानंद महाराज से दीक्षा ली थी। दीक्षा के बाद उनका नाम रसिक दुलारी शरण रखा गया। बताया जा रहा है कि जून 2026 से वह केली कुंज से जुड़े गुरु कृपा कुंज भवन में रह रहे थे।
इस बहुमंजिला इमारत में प्रेमानंद महाराज से जुड़े करीब 50 अन्य शिष्य भी रहते हैं। घटना के समय रसिक दुलारी शरण अपने कमरे में अकेले थे। इसी वजह से पुलिस इस मामले में अलग-अलग पहलुओं की जांच कर रही है।
हर एंगल से जांच कर रही पुलिस
सीओ वृंदावन संदीप सिंह के मुताबिक, सर्वोदय अस्पताल से सूचना मिलने के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा की कार्रवाई की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के परिजनों को मध्य प्रदेश में घटना की सूचना दे दी गई है।
पुलिस अब कमरे से मिले इलेक्ट्रॉनिक ग्राइंडर, शरीर पर मिले चोट के निशान और चौथी मंजिल से गिरने की घटना समेत सभी कड़ियों को जोड़कर जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद मौत की परिस्थितियों को लेकर स्थिति और स्पष्ट होने की उम्मीद है।
फिलहाल पुलिस मामले को संदिग्ध मानते हुए सभी संभावित पहलुओं की जांच कर रही है। मौत के पीछे वास्तविक कारण क्या था, इसका पता पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही चल सकेगा।
