जबलपुर। थोक कचरा उत्पादकों पर नगर निगम प्रशासन ने सख्त रवैया अपनाया है। कई बार के निर्देशों के बावजूद अपने प्रतिष्ठानों में कंपोस्ट पिट की स्थापना करने में लापरवाही बरतने वाले होटल, लॉज, बारातघर और अन्य प्रतिष्ठानों के खिलाफ नगर निगम प्रशासन नोटिस जारी करने की तैयारी कर रहा है। स्वच्छ भारत मिशन अंतर्गत अनेक बार शहर के सभी होटल मालिकों, लॉज और बारात घर संचालकों को अपने परिसरों में कंपोस्ट पिट की स्थापना किए जाने के संबंध में समझाइश दी गयी तथा दिशा निर्देश भी दिए गये, परन्तु इन निर्देशों के पालन में किसी ने भी दिलचस्पी नहीं दिखाई जिसके चलते उनके द्वारा कंपोस्ट पिट की स्थापना अभी तक नहीं की गई और खुले में ही कचरा फेंका जा रहा है जिससे न केवल शहर की तस्वीर बिगड़ रही है बल्कि बीमारियों के फैलाव का भी अंदेशा बना रहता है।
नगर निगम आयुक्त ने ऐसे कचरा उत्पादकों के खिलाफ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए हैं जिन्होंने आदेश की अवहेलना की और अपने प्रतिष्ठानों में कंपोस्ट पिट की स्थापना नहीं की। ऐसे प्रतिष्ठान संचालकों को तीन दिवस के अंदर कम्पोस्ट पिट परिसर में लगाने के निर्देश दिये हैं। निर्धारित समय अवधि के भीतर अपने परिसरों में कंपोस्ट पिट की स्थापना कर कचरे का वैज्ञानिक ढंग से निस्तारण न करने वालों के लाइसेंस रद्द करने की कार्यवाही की जाएगी।
