तिलक महाविद्यालय में नशा मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित

तिलक महाविद्यालय में नशा मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत चित्रकला प्रतियोगिता आयोजि
कटनी। प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस, शासकीय तिलक स्नातकोत्तर महाविद्यालय, कटनी में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत ‘नशा मुक्त भारत अभियान’ विषय पर चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में राष्ट्र निर्माण, सामाजिक उत्तरदायित्व एवं नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ उनकी रचनात्मक अभिव्यक्ति को प्रोत्साहित करना रहा।
कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. सुनील कुमार बाजपेई ने की। कार्यक्रम वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ. माधुरी गर्ग एवं डॉ. रुक्मणि प्रताप सिंह तथा डॉ. नेहा त्रिपाठी, सुश्री अंकिता गोस्वामी एवं डॉ. अंकिता खंडेलवाल के मार्गदर्शन एवं निर्देशन में संपन्न हुआ।
प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए चित्रों एवं प्रभावशाली स्लोगनों के माध्यम से नशामुक्त भारत का संदेश दिया। विद्यार्थियों ने “नशे को ना, जिंदगी को हाँ!”, “नशा छोड़ो, जीवन जोड़ो”, “युवा शक्ति का यही संदेश—नशामुक्त हो अपना देश” तथा “नशा नहीं, शिक्षा चुनें; बेहतर भविष्य की ओर बढ़ें” जैसे संदेशों को अपनी कलात्मक अभिव्यक्ति का माध्यम बनाया।
चित्रकला प्रतियोगिता में अंजली कोल ने प्रथम, आरुषी सचदेवा ने द्वितीय, रीता मार्को ने तृतीय तथा आभा कोरी ने चतुर्थ स्थान प्राप्त किया।
प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में महाविद्यालय के सहायक प्राध्यापक डॉ. अनिल तौहेल, श्री अमित चौधरी एवं श्री योगेन्द्र सोनी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के आयोजन में डॉ. नेहा त्रिपाठी, सुश्री अंकिता गोस्वामी एवं डॉ. अंकिता खंडेलवाल का विशेष योगदान रहा। इस अवसर पर विद्यार्थियों की सक्रिय एवं उत्साहपूर्ण सहभागिता ने आयोजन को सार्थक बनाया।
महाविद्यालय परिवार की ओर से सभी विजेता प्रतिभागियों को शुभकामनाएं दी गईं तथा अन्य विद्यार्थियों को भी रचनात्मक, सामाजिक सरोकार एवं राष्ट्रहित से जुड़ी गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता के लिए प्रेरित किया गया।







