डिंडोरी में भाजपा पदाधिकारी से धक्का मुक्की पर संयुक्त कलेक्टर निलंबित

डिंडोरी। Madhya Pradesh News : कोरोना संक्रमण की रोकथाम के लिए गठित जिला स्तरीय संकट प्रबंधन समूह की बैठक में आमंत्रित सदस्य और भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य से अभद्रता और धक्का मुक्की करने पर डिंडौरी के संयुक्त कलेक्टर रमेश कुमार सिंह को निलंबित कर दिया गया है।

सामान्य प्रशासन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि संयुक्त कलेक्टर ने न सिर्फ बैठक में अभद्रता की बल्कि धक्का-मुक्की भी की। उनका यह कृत्य शासन ने सिविल सेवा आचरण नियम के विपरीत माना गया है। निलंबन की अवधि में सिंह आयुक्त कार्यालय जबलपुर में रहेंगे। इस दौरान उन्हें जीवन निर्वाह भत्ता मिलेगा।

उधर, कलेक्टर बक्की कार्तिकेयन का कहना है कि अभी मामले की जांच चल रही है, इसलिए कुछ भी नहीं कहा जा सकता है। मालूम हो, डिंडौरी में गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभा कक्ष में कोरोना वायरस संक्रमण के खतरे को लेकर आपदा प्रबंधन की बैठक होनी थी। इसी बैठक में भाजपा के वरिष्ठ नेता डॉ. सुनील जैन को भी आमंत्रित किया गया था। चार पहिया वाहन पार्किंग को लेकर भाजपा नेता से रमेश कुमार का विवाद हो गया।

उन पर आरोप है कि उनके द्वारा सब लोगों के सामने अभद्रता करते हुए डॉ. जैन के साथ धक्का मुक्की तक की गई। बीच-बचाव के बाद मामला शांत हुआ। अपर कलेक्टर रमेश सिंह ने झूमाझपटी करना स्वीकारते हुए यह भी कहा कि उन्हें इस विवाद का कोई खेद नहीं है, उनके द्वारा धारा 144 का पालन कराया गया।

Exit mobile version