जी परमेश्वर बनेंगे डिप्टी CM, कुमारस्वामी के कैबिनेट में कांग्रेस से 22 मंत्री

बेंगलुरू। कर्नाटक में सरकार बनाने को लेकर बीते कुछ दिनों से चल रहा हाईवोल्टेज ड्रामा अब खत्म हो चुका है. सीएम के लिए कुमारस्वामी के नाम पर सहमति बनने के बाद डिप्टी सीएम और स्पीकर के पद को लेकर भी अंतिम फैसला लिया जा चुका है. जानकारी के मुताबिक, कांग्रेस नेता जी. परमेश्वर डिप्टी सीएम बनाए जाएंगे. जबकि, कांग्रेस के ही केआर रमेश कुमार को स्पीकर बनाया गया है.
बुधवार को जेडीएस नेता कुमारस्वामी सीएम पद और कांग्रेस नेता जी. परमेश्वर डिप्टी सीएम पद की शपथ लेंगे. वहीं, गुरुवार को कुमारस्वामी फ्लोर टेस्ट देंगे और बहुमत साबित करेंगे. फिर कैबिनेट का विस्तार होगा.

कैबिनेट को लेकर भी बनी सहमति
इसके साथ ही कांग्रेस-जेडीएस में मंत्रियों की संख्या को लेकर भी सहमति बन गई है. कांग्रेस नेता केसी वेणुगोपाल ने बताया, “मीटिंग में कैबिनेट विस्तार को लेकर चर्चा हुई. 34 मंत्रियों में से 22 कांग्रेस से होंगे. जबकि, सीएम समेत 12 मंत्री जेडीएस से होंगे. फ्लोर टेस्ट के बाद मंत्रियों के पोर्टफोलियों के बंटवारे पर फैसला लिया जाएगा.

डिप्टी सीएम और स्पीकर पद पर चर्चा करने के लिए मंगलवार को कांग्रेस-जेडीएस की मीटिंग हुई. मीटिंग के बाद जेडीएस नेता कुमारस्वामी ने कहा, “आज हमने कैबिनेट विस्तार पर चर्चा की. कल शपथ ग्रहण समारोह के बाद मंत्रियों के पोर्टफोलियों पर फैसले लेंगे.” कुमारस्वामी ने कहा कि कांग्रेस के साथ सबकुछ ठीक चल रहा है. दोनों पार्टियों में मतभेद की कोई बात नहीं है.

देवगौड़ा नहीं चाहते थे डिप्टी सीएम का पद
मीडिया रिपोर्ट्स की खबर के मुताबिक, कांग्रेस पार्टी डिप्टी सीएम और स्पीकर का पद अपने पास रखना चाहती थी. वहीं, पूर्व पीएम और जेडीएस सुप्रीमो एचडी देवगौड़ा नहीं चाहते थे कि किसी को डिप्टी सीएम बनाया जाए. उनके मुताबिक, ऐसा करने से राज्य में दो पावर सेंटर बनेंगे. जिससे दोनों पार्टियों के बीच अंदरूनी विवाद बढ़ सकता है. हालांकि, जेडीएस और कांग्रेस के बीच आखिरकार डिप्टी सीएम के पद पर सहमति बन गई.
राजनीतिक जानकारों के मुताबिक, कर्नाटक में जेडीएस-कांग्रेस 20:14 फॉर्मूले पर चल रही है. इसके तहत कांग्रेस कोटे से 20 मंत्री और जेडीएस से 14 मंत्री बनाए जा सकते हैं. हालांकि, आखिरी फैसला बुधवार को ही लिया जाएगा.

वीवीआईपी सीटों को लेकर भी खींचतान जारी
उधर, बेंगलुरु में शपथ ग्रहण समारोह को देखने के लिए लगाई जाने वाली वीआईपी सीटों को लेकर भी कांग्रेस-जेडीएस के बीच रस्साकशी चल रही है. सूत्रों के मुताबिक, कांग्रेस विधायक दल की बैठक में विधायकों ने जोर दिया कि मंत्रिमंडल में उनकी पार्टी को वाजिब हिस्सेदारी मिलनी चाहिए. बता दें कि विधानसभा के बाहर जेडीएस के पोस्टर लगे हुए हैं. इसे लेकर कांग्रेस विधायकों ने आपत्ति जाहिर की है.

जयानगर सीट पर बीजेपी ने बीएन प्रह्लाद को बनाया उम्मीदवार
वहीं, जयानगर विधानसभा सीट के लिए बीजेपी ने उम्मीदवार के नाम की घोषणा कर दी है. 12 मई को कर्नाटक की दो विधानसभा सीट जयानगर और आरआरनगर में चुनाव नहीं हुए थे. दोनों सीटों पर 28 मई को चुनाव होंगे. जयानगर के विधायक बीएन विजयकुमार के निधन के बाद बीजेपी ने उनके भतीजे बीएन प्रह्लाद को उम्मीदवार बनाया है।

Exit mobile version