जिंदगी की जंग हार गई यौन शोषण की शिकार नाबालिग, प्यारे मियां पर है आरोप

भोपाल। नेहरू नगर स्थित बालिका गृह में नींद की गोलियां खाने वाली दुष्कर्म पीड़ित नाबालिग ने बुधवार रात दम तोड़ दिया। बुधवार दोपहर को ही एडीएम माया अवस्थी ने भी हमीदिया अस्पताल जाकर बालिका के स्वास्थ्य की जानकारी ली थी। उधर घटना सुर्खियों में आने के बाद पुलिस और बाल कल्याण समिति ने इस मामले में चुप्पी साध ली है।

गौरतलब है कि 12 जुलाई 2020 को चाइल्ड लाइन की सदस्य अमिता मिश्रा ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। उसमें उन्‍हाेंने बताया था कि शाहपुरा इलाके के एक फ्लैट में बर्थ-डे पार्टी के दौरान राजधानी के रसूखदार प्यारे मियां ने चार नाबालिग बालिकाओं का यौन शोषण किया। काउंसिलिंग में पता चला कि प्यारे मियां पूर्व में कई बार बालिकाओं के साथ दुष्कर्म कर चुका है। शिकायत के बाद पुल‍िस ने प्यारे मियां को नाबालिगों के यौन शोषण के आरोप में गिरफ्तार किया था। इस मामले में प्यारे मियां जेल में है, जबकि पांच पीड़ित किशोरियों को नेहरू नगर स्थित बालिका गृह में रखा गया था।

बीते सोमवार शाम को उनमें से दो बालिकाओं की तबीयत खराब होने की सूचना बालिका गृह की अधीक्षिका ने बाल कल्याण समिति को दी थी। उनमें से एक बालिका की हालत गंभीर होने से उसे हमीदिया अस्पताल में भर्ती कराया गया था। बुधवार रात करीब 11 बजे एएसपी रजत सकलेचा ने बालिका की मौत की पुष्टि कर दी। बालिका का शव अस्‍पताल की मर्चुरी में रखवा दिया गया है। आज उसका पोस्‍टमार्टम किया जाएगा। दूसरी बालिका की सेहत में सुधार है।

Exit mobile version