जबलपुर में एएसआई पर किए गए हमले के तार भी गज्जू सोनकर के जुआंफड़ से जुड़े
जबलपुर. जबलपुर में जुआंफड़ संचालक गज्जू व सोनू सोनकर के जुआंफड़ पकड़े जाने के बाद नए नए रहस्यों से पर्दा उठता जा रहा है, पुलिस को अब यह खबर मिली है कि हनुमानताल थाना में पदस्थ एएसआई रविन्द्रसिंह पर तहसीली चौक पर जो हमला किया गया था, वह भी कराया गया था. क्योंकि एएसआई रविन्द्रसिंह को फड़ की सूचना का संकलन करने के लिए अधिकारियों ने लगाया था.
बताया जाता है कि उच्चाधिकारियों के कहने पर एएसआई रविन्द्रसिंह द्वारा जुआंफड़ की सूचना संकलित कर अधिकारियों को देता रहा, उसकी नजर हर वक्त जुआंफड़ पर रही, इस बात की भनक लगने पर उसपर जानलेवा हमला करा दिया, हालांकि पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को तो हिरासत में ले लिया गया था, लेकिन हमला किसने कराया, इस बात की जानकारी पुलिस को उस वक्त नहीं लग पाई थी. अब पुलिस अधिकारियों को यह जानकारी लगी कि उक्त हमला बबुआ के इशारे पर किया गया था, पुलिस का कहना है कि बबुआ की तलाश की जा रही है, उसके पकड़े जाने के बाद एएसआई पर हुए हमले का खुलासा हो पाएगा.
हालांकि पुलिस की विभिन्न टीमें बबुआ व भैयालाल को पकडऩे के लिए जबलपुर सहित रीवा व नरसिंहपुर में तलाश कर रही है. वहीं जुआंफड़ की रखवाली करने वाले तीन आरोपी संजय सोनकर, अशोक बेन व शिवराज चक्रवर्ती को खमरिया पुलिस ने पिछले दिन कच्ची शराब के साथ गिरफ्तार किया गया है.

