भोपाल। मौसम विभाग ने रायसेन, सीहोर, विदिशा, गुना सहित प्रदेश के 13 जिलों में भारी वर्षा की चेतावनी जारी की है। इसके अलावा इंदौर, भोपाल, जबलपुर, उज्जैन सहित 10 से ज्यादा स्थानों पर भी सामान्य व तेज बारिश का अनुमान जताया है।
यहां भारी बारिश की चेतावनी
मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के लिए अलर्ट जारी किया है। इसके तहत रायसेन, सीहोर, विदिशा, राजगढ़, देवास, शाजापुर, होशंगाबाद, हरदा, छिंदवाड़ा, सिवनी, मंडला, अशोकनगर और गुना जिलों में भारी बारिश का अनुमान है।मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक ये स्थिति अगले 2 दिनों तक और रह सकती है।
यहां भी तेज बारिश के आसार
इसके अलावा इंदौर, उज्जैन, होशंगाबाद और भोपाल संभाग के अधिकांश इलाकों में गरज, चमक के साथ तेज बारिश हो सकती है। वहीं जबलपुर, सागर और ग्वालियर संभाग के कई स्थानों और चंबल, शहडोल व रीवा संभागों के कई जिलोंं के कुछ स्थानों पर सामान्य बारिश हो सकती है।
तराना में सबसे ज्यादा, रतलाम, उमरिया में सबसे कम
बीते 24 घंटों की बात करें तो इंदौर, सागर, उज्जैन और जबलपुर संभाग के अधिकांश हिस्सों में और रीवा, भोपाल, ग्वालियर और शहडोल संभाग के कुछ स्थानों पर कहीं-कहीं बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग से मिले आंकड़ों के मुताबिक पिछले 24 घंटों में तराना में सबसे ज्यादा 16 सेमी बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा हरदा में 15, उज्जैन में 11, मलाजखंड, इछावर, नेपानगर में 7-7, मनासा, गरोठ व शाजापुर में 6-6, खंंडवा, देपालपुर, सुसने, कुरवई, लटेरी, पंधाना व अशोकनगर में 5-5 और रतलाम, उमरिया, दतिया, आगर, नौगांव में 4-4 सेमी बारिश हुई।

