चुनाव आयोग ने पेट्रोल पंप से हटवाए “उज्ज्वला योजना” के होर्डिंग्स

भोपाल। गरीब महिलाओं को गैस चूल्हा देने वाली केंद्र सरकार की उज्ज्वला योजना का प्रचार अब पेट्रोल पंप पर होर्डिंग्स लगाकर नहीं होगा। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय ने पेट्रोलियम कंपनियों से इसे हटवा दिया है। वहीं, एटीएम के डिस्प्ले में केंद्रीय योजनाओं के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की फोटो आने के मामले में लीड बैंक को पत्र लिखा गया है।

मुख्यमंत्री जनकल्याण योजना ‘संबल” के स्मार्ट कार्ड में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की फोटो के मामले में श्रम विभाग ने जवाब दे दिया है। इसे चुनाव आयोग को भेजा गया है। सूचना आयुक्तों के चयन की अधिसूचना पर चुनाव आयोग से अभी तक कोई जवाब नहीं आया है।

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय के अधिकारियों ने बताया कि पेट्रोल पंपों पर उज्ज्वला योजना के होर्डिग्स में प्रधानमंत्री के फोटो होने की शिकायत हुई थी। इस पर पेट्रोलियम कंपनियों से बात की और उन्होंने ऐसे सभी होर्डिंग्स हटवा लिए हैं। वहीं, एटीएम के डिस्प्ले में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का फोटो विभिन्न् योजनाओं के प्रचार के साथ आने पर बैंकों को पत्र भेजा गया है।

अधिकारियों का कहना है कि आचार संहित लागू होने के बाद प्रधानमंत्री या मुख्यमंत्री की फोटो लगाकर प्रचार नहीं किया जा सकता है। मुख्यमंत्री जनकल्याण योजना ‘संबल” के स्मार्ट कार्ड में मुख्यमंत्री की फोटो को लेकर कांग्रेस की शिकायत पर श्रम विभाग के प्रमुख सचिव संजय दुबे की ओर से जवाब भेजा गया है। इसे मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय ने चुनाव आयोग को भेज दिया है।

उधर, मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी वीएल कांताराव ने एक सवाल के जवाब में बताया कि सूचना आयुक्तों के चयन को लेकर कांग्रेस की शिकायत का जवाब चुनाव आयोग को भेज दिया है। वहां से अभी तक कोई मार्गदर्शन प्राप्त नहीं हुआ है। वहीं, शासन इनकी नियुक्ति की तैयारी में जुट गया है।

हालांकि इसके लिए पहले चुनाव आयोग से अनुमति लेनी होगी। नियुक्ति का वारंट राज्यपाल आनंदीबेन पटेल जारी करेंगी और इसके बाद शपथ विधि होगी। पेड न्यूज को लेकर उन्होंने कहा कि यह कोई अपराध नहीं है। प्रत्याशी घोषित होने के बाद खर्च का मीटर शुरू होता है। तब ऐसी कोई भी खबर पेड न्यूज के दायरे में आएगी, जो सीधे-सीधे मतदाता को प्रभावित करने के लिए दी गई है। इसका खर्च प्रत्याशी के खाते में जुड़ेगा। यदि प्रत्याशी खर्च में इसका ब्योरा नहीं देता है तो कार्रवाई होती है।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के अशोकनगर जिले के मुंगावली में आयोजित आमसभा में भाजपा के पक्ष में मतदान करने की अपील कर मतदाताओं को लाभ देने की घोषणा पर कलेक्टर से जवाब मांगा गया है। प्रदेश कांग्रेस ने इसकी शिकायत मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी से की थी।

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया कि पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) ऋषिकुमार शुक्ला के मेडिकल लीव पर होने की वजह से प्रभारी पुलिस महानिदेशक नियुक्त करने पैनल चुनाव आयोग को भेज दिया है। सूत्रों का कहना है कि गृह विभाग ने पैनल में तीन नाम भेजे हैं। इनमें से किसी एक का चयन कर चुनाव आयोग शासन को सूचित करेगा। देर शाम तक आयोग से कोई सूचना मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय को नहीं मिली। वहीं, संभावना जताई जा रही है कि आज-कल में प्रभारी डीजीपी का फैसला हो जाएगा।

Exit mobile version