Site icon Yashbharat.com

चुनाव आयोग की भोपाल में बैठक, जबलपुर की हुई प्रशंसा, जानिए क्यों

जबलपुर। प्रदेश में चल रही विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जबलपुर जिले को बेहतर माना गया है ।

देश के मुख्य निर्वाचन आयुक्त श्री ओ.पी. रावत द्वारा भोपाल में ली गई चुनावी तैयारियों की समीक्षा बैठक में निर्वाचन साक्षरता कार्यक्रम से लेकर मतदाता सूची में युवा एवं दिव्यांग मतदाताओं के नाम जोड़ने, संशोधन तथा डुप्लीकेट नामों को हटाने जैसे कार्यों के साथ-साथ वारंट तामीली, सुरक्षा व्यवस्था, मतदान केन्द्रों में दिव्यांग मतदाताओं के लिए सुविधायें जुटाने की दिशा में किये गये कार्यों के लिए जबलपुर जिले की तारीफ की गई ।

समीक्षा बैठक में कलेक्टर श्रीमती छवि भारद्वाज ने जबलपुर जिले में चल रही निर्वाचन तैयारियों के बारे में प्रजेन्टेशन दिया । प्रजेन्टेशन में उन्होंने मतदाता सूची में युवा मतदाताओं, मिलेनियम वोटर्स एवं दिव्यांग मतदाताओं के नाम जोड़े जाने के लिए अपनाई गई रणनीति के बारे में जानकारी दी। श्रीमती भारद्वाज ने ईवीएम की एफ.एल.सी. से लेकर वीवीपैट मशीन के बारे में आम लोगों को जानकारी देने आयोजित कार्यक्रमों की जानकारी भी इस अवसर पर दी ।

मुख्य निर्वाचन आयुक्त ने बैठक में सौ से अधिक वर्ष के मतदाताओं की पहचान तथा मृत एवं शिफ्टेड वोटर्स के नाम सूची से हटाने की कार्यवाही के लिए भी जबलपुर जिले की सराहना की ।

बैठक में राजनैतिक दलों की शिकायतों के निराकरण की दिशा में जबलपुर जिले में हुए कामों को भी सराहा गया । दो दिन की इस बैठक में प्रदेश के सभी जिलों के कलेक्टरों द्वारा अपने-अपने जिलों की तैयारियों के बारे में प्रजेन्टेशन दिये गये थे ।

Exit mobile version