Site icon Yashbharat.com

गला घोंटकर पति ने की थी हत्या और साक्ष्य छिपाने जला दी थी लाश

पत्नी की खटिया सहित जिंदा जलने की घटना से पुलिस ने उठाया पर्दा
जबलपुर, । स्लीमनाबाद थाना अंतर्गत ग्राम अमोच में एक विवाहिता की खटिया सहित आग में जलकर हुई मौत के मामले की जांच करते हुए पुलिस ने पति के विरूद्ध हत्या कर साक्ष्य छिपाने का मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पति ने गला घोंटकर पत्नी की हत्या करने के बाद उसकी लाश को खटिया में रखकर जला दिया था और पुलिस को पत्नी के आग में जलने की झूठी सूचना देकर गुमराह करने का प्रयास किया था। गौरतलब है कि ग्राम अमोच निवासी सीताराम काछी की 45 वर्षीय पत्नी दूजी बाई की बीती 27 अक्टूबर की रात 9 बजे के लगभग खटिया सहित आग में जलने से मौत हो गई थी। पति ने पुलिस को बताया था कि 27 वह खाना खाने के बाद पेट में दर्द होने पर शौच क्रिया के लिए गया था। कुछ देर बाद जब वह वापस लौटा तो देखा कि उसकी पत्नी खटिया में पड़ी जल रही थी। खटिया पलटाने का प्रयास किया लेकिन खटिया नहीं पलटी। जब तक आग को बुझाया जा सकता तब तक वह पूरी तरह से जल चुकी थी। उधर इस मामले में दूजी बाई के पिता सहित मायकेपक्ष के लोगों ने ससुराल पक्ष पर दूजी बाई को खटिया में बांधकर जिंदा जलाने का आरोप भी लगाया था। वहीं पति सीताराम के द्धारा घटना को लेकर बताई गई कहानी पुलिस के गले नहीं उतर रही थी। इसलिए पुलिस अधीक्षक मिथिलेश शुक्ला के निर्देश पर स्लीमनाबाद एसडीओपी विजय प्रताप सिंह ने मामले की गंभीरता से जांच की और जांच के दौरान मिले साक्ष्य व सबूतों सहित पीएम रिपोर्ट के आधार पर पति सीताराम काछी के विरूद्ध हत्या कर साक्ष्य छिपाने का मामला धारा 302, 201 के तहत दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया।

Exit mobile version