कटनी। जिले की सीमा रेखा से लगे पड़ोसी जिला पन्ना के शाहनगर थाना अंतर्गत ग्राम खड़ौला के जंगलों से बरामद क्षत विक्षत लाश की शिनाख्त कपड़ों व हुलिए के आधार पर जुहली से लापता हीरा सिंह के रूप में कर ली गई है लेकिन चेहरे से शिनाख्त के लिए पुलिस डीएनए टेस्ट का सहारा ले रही है।
उधर प्रारंभिक शिनाख्त के बाद व लाश के क्षत विक्षत हालत में मिलने से यह भी स्पष्ट हो गया है कि हीरा सिंह का अपहरण कर उसकी नृशंसता पूर्वक हत्या की गई और पुलिस को गुमराह करने आरोपियों ने उसकी लाश को जंगलों में फेंक दिया।
बहरहाल लाश मिलने के बाद अब पुलिस आरोपियों का सुराग लगाते हुए उनकी गिरफ्तारी के प्रयास में भी जुट गई है। गौरतलब है कि ग्राम जुहली निवासी 34 वर्षीय हीरा सिंह गत 9 फरवरी की दोपहर 12 बजे के लगभग घर से निकला तो फिर वापस नहीं लौटा। 24 घंटे बाद भी जब हीरा वापस नहीं लौटा तो कौशल्या बाई के द्धारा इसकी सूचना एनकेजे पुलिस को दी गई।
बताया जाता है कि एनकेजे पुलिस ने कौशल्या बाई की सूचना पर गुमइंसान तो कायम कर लिया था लेकिन उसकी तलाश में कोई रूचि नहीं ले रही थी। जिसके बाद हीरा सिंह की विधवा मां कौशल्या बाई ने सैकड़ों ग्रामीण के साथ पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंच कर पुलिस अधीक्षक अतुल सिंह से शिकायत कर लापता हीरा सिंह की तलाश की मांग की थी।
बताया जाता है कि लापता हीरा सिंह की मोबाइल लोकेशन के आधार पर तलाश में जुटी पुलिस को कलशाम जिले की सीमा रेखा से लगे पड़ोसी जिला पन्ना के शाहनगर थाना अंतर्गत ग्राम खड़ौला के जंगलों में एक अज्ञात युवक की क्षत विक्षत लाश पड़ी होने की जानकारी लगी। जिसके बाद पुलिस ने लाश को अपने अधिकार में लेकर उसकी शिनाख्तगी के प्रयास शुरू किए और परिजनों को शिनाख्त के लिए बुलाया। परिजनों ने कपड़े व हुलिए के आधार पर लाश की शिनाख्त लापता हीरा सिंह के रूप में कर ली है लेकिन चेहरा क्षत विक्षत होने से संशय में हैं। जिसके कारण पुलिस अब लाश का डीएनए टेस्ट कराएगी।
संदिग्ध हिरासत में, पूछताछ जारी
लाश के क्षत विक्षत हालत में मिलने से यह भी स्पष्ट हो गया है कि हीरा सिंह का अपहरण कर उसकी नृशंसता पूर्वक हत्या की गई और पुलिस को गुमराह करने आरोपियों ने उसका चेहरा बुरी तरह पत्थरों से कुचल कर लाश को जंगलों में फेंक दिया। इस खुलासे के बाद अब पुलिस आरोपियों की पतासाजी में जुट गई है। मामले में हीरा सिंह के मोबाइल डिटेल के आधार पर कुछ लोगों को हिरासत में लिया गया है तो उसके साथ उठने बैठने वालों से भी पूछताछ की जा रही है।
बायपास मार्ग पर लावारिस मिली थी स्कूटी
यहां यह भी उल्लेखनीय है कि पुलिस अधीक्षक अतुल सिंह के निर्देश पर लापता हीरा सिंह की तलाश में जुटी एनकेजे पुलिस को शहडोल बायपास मार्ग के किनारे उसकी स्कूटी लावारिस हालत में पड़ी मिल गई थी लेकिन हीरा सिंह के बारे में कोई सुराग हाथ नहीं लगे थे। स्कूटी लावारिस हालत में मिलने के बाद से ही हीरा सिंह की हत्या किए जाने का संदेह परिजन व्यक्त करने लगे थे।
