Corona Live: बीते 24 घण्टे में सबसे ज्यादा कोरोना पॉजिटिव आये सामने, दिल्ली में मजदूरों का पथराव

LIVE Top News Today 20 May 2020: देश में एक दिन में कोरोना वायरस के अब तक के सबसे ज्यादा केस सामने आए हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, बीते 24 घंटों में 5,611 पॉजिटिव मरीज मिले हैं और 140 लोगों की मौत हुई है। देश में अब तक कुल मरीजों का आंकड़ा 1,06,750 पार हो गया है। 61,149 मरीजों का देश के विभिन्न अस्पतालों में इलाज चल रहा है और 3303 की मौत हुई है। इस बीच, लॉकडाउन का असर जारी है। सरकार की तमाम सख्ती के बाद भी मजदूर अपने घरों को पैदर जा रहे हैं। जहां पुलिस सख्ती दिखा रही है, वहां मजदूरों का गुस्सा भी फूट पड़ रहा है।

दिल्ली-गुरुग्राम सीमा पर पथराव : राजधानी दिल्ली में कापसहेड़ा इलाके में रहने वाले श्रमिकों के सब्र का जवाब देने लगा है। उद्योग विहार इलाके में आने से रोकने पर श्रमिकों ने पुलिस पर पथराव किया। पथराव की वजह से पांच पुलिसकर्मियों को चोट लगी है। गुरुग्राम के उद्योग विहार इलाके में काम करने वाले हजारों श्रमिक दिल्ली के कापसहेड़ा इलाके में रहते हैं। वे काम करने के लिए आना चाहते हैं लेकिन गुरुग्राम पुलिस जिलाधीश के आदेश का हवाला देते हुए प्रतिदिन रोक देती है। दिल्ली-गुरुग्राम के बीच रूटीन में आवाजाही कम करने के लिए गुरुग्राम के जिलाधीश अमित खत्री ने आदेश जारी कर रखा है कि गुरुग्राम में काम करने वाले गुरुग्राम में रहें और दिल्ली मेें काम करने वाले दिल्ली में रहें।

Exit mobile version