अंतिम दौर का मंथन प्रारंभ
जबलपुर। कांग्रेस जीतने वाले चेहरे पर दांव लगाने के लिए गहन मंथन कर रही है। इस बार महाकोशल क्षेत्र की 38 सीटों पर कांग्रेस बड़ा लक्ष्य लेकर चल रही है। इससे प्रत्याशी चयन में किसी तरह की कोताही नहीं बरतते हुए हर दावेदार का दिल्ली में स्क्रीनिंग कमेटी के सदस्य मूल्यांकन कर रहे हैं। जबलपुर से दावेदारी करने दिल्ली पहुंचे कांग्रेसजन पूरी तैयारी के साथ गए हैं। इनमें से कुछ दावेदारों को इशारा कर दिया गया है कि वह फील्ड में काम करें। कांग्रेस स्क्रीनिंग कमेटी की बैठक सोमवार से शुरू होने जा रही है। इसमें महाकोशल की विधानसभा सीटों के प्रत्याशियों को लेकर भी मंथन होगा। लिहाजा जिले के कांग्रेस नेताओं ने एक बार फिर से दिल्ली का रुख कर लिया है। टिकट पक्की कराने के लिए वे हर जतन में जुटे हैं। इसके लिए वरिष्ठ नेताओं, वर्किंग कमेटी के सदस्यों से मुलाकात के साथ ही फील्ड में किए गए कामों की वीडियो रिकार्डिंग और पेपर कटिंग दिखाकर खुद को टिकट के योग्य साबित करने की कोशिश कर रहे हैं। कांग्रेस में हर विधानसभा में दो से तीन दावेदारों का पैनल बन चुका है। अब इन पर चर्चा के बाद फाइनल नाम तय करना है। पैनल में आए हर नाम पर गहन चर्चा के बाद सर्वे रिपोर्ट से भी मिलान किया जाएगा। पांच सर्वे में नाम होने पर ही दावेदार को प्राथमिकता दी जाएगी।
कांग्रेस स्क्रीन कमेटी की बैठक आज से

