कटनी में बोले भाजपा प्रदेशाध्यक्ष VD शर्मा- कांग्रेस के झूठ छल प्रपंच से सावधान रहें भाजपा कार्यकर्ता

कटनी। भारतीय जनता पार्टी ने कोविड काल मे जिस सामाजिक दायित्व को निभाया उसकी प्रशंसा आज चहुं ओर है।
मध्यप्रदेश के भाजपा कार्यकर्ता गरीबों की सेवा में जी जान से जुटे रहे लेकिन अब सावधान रहने की जरूरत है कांग्रेसियों के झूठ छल प्रपंच से।

आज कटनी में जिला भाजपा कार्यालय में कार्यकर्ताओं से संवाद करते हुए प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने उपस्थित भाजपा जनों को सम्बोधित करते हुये यह विचार व्यक्त किये।
श्री वीडी शर्मा ने कहा कि जब जब किसी भी तरह के चुनाव आते हैं कांग्रेस की झूठ की फैक्ट्री शुरू हो जाती है।
श्री शर्मा ने कहा कि कांग्रेस नेता अंतराष्ट्रीय झूठ की दुकान हैं। जिनसे भाजपा को सावधान रहने की आवश्यकता है।
उन्होंने कहा कि हमारे देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान निरन्तर जनता की सेवा में लगे हैं।
बेरोजगार, किसान व्यवसायी, मजदूर गरीब और मध्यमवर्गीय के लिए सरकार निरन्तर सेवा में लगी है अनेकों निर्णय प्रदेश के हर वर्ग को लाभ पहुंचा रहे हैं।
अब चूंकि प्रदेश में उप चुनाव और आने वाले समय मे 27 उपचुनाव होने हैं तो कांग्रेस नेता झूठ फैलाने में लग गए हैं।
इससे पहले प्रदेशाध्यक्ष एवं खजुराहो लोकसभा के सांसद श्री शर्मा ने कलेक्ट्रेट में हुई दिशा निगरानी समिति की बैठक में कटनी में मेडिकल कालेज सहित कटनी नदी पुल सेंट्रल स्कूल आदि के प्रस्ताव की जानकारी दी।
इससे पहले भाजपा जिला कार्यालय पहुंचने पर जिलाध्यक्ष श्री रामरतन पायल, विधायक द्वय श्री संदीप जायसवाल, प्रणय पांडे पूर्व जिलाध्यक्ष चमनलाल आनंद, रामचन्द्र तिवारी, विजय शुक्ला, पीताम्बर टोपनानी, पूर्व मंत्री अलका जैन, निवर्तमान महापौर शशांक श्रीवास्तव सहित वरिष्ठ भाजपा जनों ने आगवानी की।
भाजपा जिलाध्यक्ष ने स्वागत उद्बोधन में कहा कि हमारा सौभाग्य है कि आज प्रदेश के यशस्वी ऊर्जावान तथा सजग सक्रिय हर पल हमारी चिंता रखने वाले सांसद हमारे बीच हैं ।
जिनका कटनी से हर पल लगाव रहता है।हम सभी कार्यकर्ताओं के परम मार्गदर्शक नेतृत्व मिलने से हम सभी कार्यकर्ता गौरवांवित हैं।
आभार प्रगट करते हुए विधायक संदीप जायसवाल ने कहा कि आज नहीं बल्कि छात्र राजनीति से ही कटनी में हमारे प्रदेश अध्यक्ष जी सदैव सक्रिय रहे।
आज हम सभी गोरव से कहते हैं कि कटनी का हर पल खयाल रखने वाले सांसद जी हमारी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष भी हैं।
उन्होंने कहा कि आज अधिकारियों की बैठक में कटनी से जुड़ी समस्याओं को लेकर उन्होंने जिस तरह के निर्देश दिए वह दर्शाता है कि कटनी की चिंता हर पल उन्हें रहती है। संचालन उपाध्यक्ष अश्वनी गौतम ने किया।






