कटनी-नगर निगम की चौकीदारी कर रहे पीटीआई प्यासी

कटनी। कई राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा चुके शहर के राष्ट्रीय स्तर के धावक ब्रजमोहन प्यासी इस समय नगर निगम की चौकीदारी कर रहे हैं। नगर निगम प्रशासन ने उनकी ड्यूटी साधूराम स्कूल से हटाकर नगर निगम कार्यालय में लगा दी है।

वे नगर निगम प्रशासन के इस निर्णय से काफी आहत हैं लेकिन परिवार के जीविकोपार्जन की खातिर नगर निगम प्रशासन द्वारा दिए गए दायित्वों का बखूबी निर्वहन कर रहे हैं। करीब 20 सालों तक नियमित होने के लिए लंबी लड़ाई लड़ने के बाद जब राज्य सरकार ने उन्हें नियमित किया तो नगर निगम ने उनकी उपेक्षा करते हुए कार्यालय में चौकीदारी की ड्यूटी लगाने के आदेश जारी कर दिए।

ब्रजमोहन प्यासी शहर में ऐसा नाम है, जिसने एक धावक के रूप में शहर में अपनी एक अलग पहचान बनाई है। देश में कई राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में वे मध्यप्रदेश का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं और कई मेडल कटनी को दिला चुके हैं। एथलेटिक्स को लेकर हर समय उन पर जुनून सवार रहता है।

रोजाना सुबह फारेस्टर प्लेग्राउण्ड में युवाओं को मार्गदर्शन देते वे आसानी से दिख जाते हैं। बहुमुखी प्रतिभा के धनी ब्रजमोहन प्यासी की सेवाएं शहर में नए धावक तैयार करने और युवाओं को मार्गदर्शन देने के लिए ली जानी चाहिए थी। वे कुछ समय पहले तक साधूराम स्कूल में पीटीआई के पद पर कार्यरत थे, लेकिन नगर निगम प्रशासन द्वारा उनकी ड्यूटी ऐसी जगह लगा दी गई है

, जो उनकी प्रतिभा के साथ खुला मजाक है। शहर के खेल संगठनों द्वारा भी इस ओर ध्यान नहीं दिया जा रहा है।
20 सालों तक लड़ी नियमतीकरण की लड़ाई
पीटीआई ब्रजमोहन प्यासी ने बताया कि वे नगर निगम में पिछले करीब 20 सालों से ज्यादा समय से नौकरी कर रहे हैं, लेकिन इसके बाद भी उन्हें नियमित नहीं किया गया था। उन्होंने नगर निगम प्रशासन और राज्य सरकार से नियमित किए जाने की मांग की, परंतु उन्हें हर बार आश्वास ही मिली, जबकि उनके बाद नगर निगम में नौकरी में आए लोग नियमित हो गए, तब कहीं जाकर उन्होंने हाईकोर्ट की शरण ली। हाईकोर्ट द्वारा उन्हें नियमित किए जाने का आदेश दिया गया, तब कहीं जाकर वे नियमित हो पाए। अब जब वे नियमित कर्मचारी के तौर पर नौकरी कर रहे हैं तो नगर निगम द्वारा उनकी ड्यूटी साधूराम स्कूल की बजाए नगर निगम में लगा दी गई है।

Exit mobile version