कटनी: आरोपी जवान ने परिजनों से बातचीत के बाद किया आत्मसमर्पण

कटनी। जिले के एकमात्र सुरक्षा संस्थान आयुध निर्माणी कटनी (ओएफके) गोलीकांड में सेना व पुलिस के संयुक्त आपरेशन को आज सुबह 10 बजे के लगभग उस समय सफलता मिल गई जब शनिवार की शाम अपने जूनियर कमांडिंग ऑफीसर (जेसीओ) को गोली मारने के बाद से निर्माणी परिसर में ही फरार डिफेंस सिक्यूरिटी क्राप (डीएससी) के आरोपी जवान ने घटना के 36 घंटे बाद आत्मसमर्पण कर दिया।

परिजनों से बातचीत के बाद किया आत्मसमर्पण
एक जानकारी में बताया जा रहा है कि घटना के बाद से सेना व पुलिस के अधिकारी आरोपी जवान शकर सिंह से मोबाइल पर बात करते हुए आत्मसमर्पण कराए जाने की कोशिश करते रहे। यहां तक की पुलिस अधीक्षक ललित शाक्यवार खुद आरोपी जवान से कई राउंड बातचीत की और उसे सरेंडर करने के लिए बोला लेकिन वह तैयार नहीं हुआ। जिसके बाद पुलिस ने आरोपी जवान की उसकी पत्नी, बेटा व बेटी से बातचीत कराई। समझा जाता है कि पुलिस अधीक्षक ललित शाक्यवार की समझाईश व परिजनों से बातचीत के बाद ही आरोपी जवान शकर सिंह ने आत्मसमर्पण करने का निर्णय लिया और आज सुबह उसने पुलिस व सेना के अधिकारियों के सामने राइफल के साथ आत्मसमर्पण कर दिया।आरोपी के आत्मसमर्पण करते ही सेना व पुलिस सहित निर्माणी प्रबंधन ने राहत की सांस ली। जवान के आत्मसमर्पण करने के बाद उसका मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है।

चिकित्सकों के द्धारा उसे पूरी तरह से स्वस्थ घोषित करने के बाद माधवनगर पुलिस उसकी विधिवत गिरफ्तारी करेगी और फिर उसके बाद अपने सीनियर की हत्या के आरोपी जवान को न्यायालय में पेश किया जाएगा। इसके पूर्व सेना भी अपनी कुछ औपचारिकताएं पूरी करेगी। गौरतलब है कि बीती 10 अक्टूबर शनिवार की देरशाम उस समय आयुध निर्माणी में हड़कंप मच गया जब निर्माणी की सुरक्षा में तैनात डिफेंस सिक्यूरिटी क्राप (डीएससी) के एक जवान ने अपने जूनियर कमांडिंग ऑफीसर (जेसीओ) की अपनी राइफल से गोली मारकर हत्या कर दी और अपने सीनियर की गोली मारकर हत्या करने के बाद आयुध निर्माणी परिसर में ही कहीं छिप गया।

जिसके बाद 10 अक्टूबर की पूरी रात, 11 अक्टूबर का पूरा दिन व पूरी रात जबलपुर से आई सेना की टुकड़ी व पुलिस संयुक्त आपरेशन चलाते हुए आरोपी जवान के आत्मसमर्पण की कोशिश करते रहे लेकिन सेना व पुलिस को सफलता नहीं मिली। वहीं आज 12 अक्टूबर की सुबह से एक बार फिर सेना व पुलिस ने संयुक्त आपरेशन चलाया और आरोपी जवान के आत्मसमर्पण के प्रयास शुरू किए। जिसमें सेना व पुलिस को सफलता मिल गई और आरोपी जवान ने अपनी इंसास राइफल के साथ आत्म समर्पण कर दिया। इस प्रकार आयुध निर्माणी कटनी में पिछले 36 घंटे से चल रहे नाटकीय घटनाक्रम का पटाछेप हो गया।

उल्लेखनीय है कि 10 अक्टूबर शनिवार की शाम करीब 7 बजे के लगभग इवनिंग परेड के दौरान हुए विवाद के बाद डीएससी के जवान शकर सिंह ने जेसीओ अशोक शिकारा पर इंसास राइफल 5.1 से चार से ज्यादा राउंड फायर कर दिया। जिससे जेसीओ ऑफीसर की मौके पर ही मौत हो गई थी।आज नाइट शिफ्ट से शुरू हो जाएगा निर्माणी में कामकाज
गौरतलब है कि 10 अक्टूबर शनिवार की देरशाम घटना के बाद आयुध निर्माणी में कामकाज बंद हो गया था तथा उस दौरान निर्माणी के अंदर रहे सभी अधिकारियों व कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया था। इसके बाद से ही निर्माणी में कामकाज बंद था। आज सुबह आरोपी जवान शकर सिंह के आत्मसमर्पण के बाद आयुध निर्माणी के प्रशासनिक अधिकारी एवं पीआरओ अजय कुमार ने बताया कि इस घटना से लगभग 1100 अधिकारी व कर्मचारी निर्माणी के अंदर नहीं जा पा रहे थे लेकिन अब निर्माणी में आज 12 अक्टूबर की नाइट शिफ्ट से कामकाज पहले की ही तरह शुरू हो जाएगा।

Exit mobile version