एक्‍टर प्रकाश राज ने BJP MP को भेजा कानूनी नोटिस, बोले- ट्रोल करके मेरी निजी जिंदगी में उथल-पुथल मचा दी

एक्टर प्रकाश राज ने मैसूर के बीजेपी सांसद प्रताप सिम्हा को कानूनी नोटिस भेजकर उनसे जवाब मांगा है। खलनायिकी की दुनिया के दमदार अभिनेता प्रकाश राज ने न्यूज एजेंसी एएनआई को बताया कि जब से प्रताप सिम्हा ने उन्हें ट्रोल किया है उनकी निजी जिंदगी में खलबली मच गई है। प्रकाश राज ने कहा कि अगर बीजेपी के सांसद उनके नोटिस का जवाब नहीं देते हैं तो वे उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई करेंगे। दरअसल ये मामला बैंगलुरु में पत्रकार गौरी लंकेश की हत्या से जुड़ा है। तब अभिनेता प्रकाश राज ने इस मुद्दे पर पीएम पर हमला बोला था और कहा था कि नरेन्द्र मोदी उनसे भी बड़े अभिनेता हैं। प्रकाश राज के मुताबिक पीएम को इस मुद्दे पर बयान देना चाहिए था लेकिन उन्होंने कुछ नहीं कहा था। प्रकाश राज के इस बयान से खफा मैसूर के बीजेपी सांसद प्रताप सिम्हा ने अभिनेता पर हमला बोला था और कहा था कि गौरी लंकेश की हत्या के मामले में पीएम मोदी क्या कर सकते हैं, अगर इस मामले पर राज्य की कानून व्यवस्था फेल रही है।

Exit mobile version