Site icon Yashbharat.com

आदिवासियों को सेना-पुलिस में भर्ती के लिए करेंगे तैयार

sena

भोपाल। भाजपा मध्य प्रदेश के आदिवासियों के कल्याण के लिए अनेक योजनाओं का संचालन कर रही है, लेकिन अब इस प्रकार की योजना तैयार करनी है, जिसमें इस वर्ग के युवाओं को प्रत्यक्ष रूप से रोजगार मिले। साथ ही वे आत्मनिर्भर होने की दिशा में भी काम कर सकें। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने पिछले दिनों जबलपुर में आदिवासी वर्ग के कल्याण के लिए जो 18 घोषणाएं की हैं, उन पर भी तेजी से काम शुरू किया जाए। इस प्रकार की योजना तैयार की जाए कि आदिवासी युवाओं को सेना और पुलिस में भर्ती कराने के लिए प्रशिक्षण देने की क्या व्यवस्था हो।

यह दिशा-निर्देश भाजपा की अनुसूचित जनजाति (अजजा) मोर्चा की बैठक में दिए गए। पार्टी के प्रदेश कार्यालय में आयोजित बैठक में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा सहित मोर्चा पदाधिकारी व अजजा वर्ग के जनप्रतिनिधि उपस्थित थे। बैठक में कहा गया कि वनोपज का सही दाम आदिवासी वर्ग को मिले, इस बारे में चिंता की जाए। सरकार वनाधिकार के पट्टे दे रही है। इसमें आने वाली परेशानियों के संबंध में सरकार और संगठन को जानकारी दी जाए। पेसा कानून को लेकर जनप्रतिनिधि सुझाव दें, यह भी बताएं कि इस वर्ग को बकरी, भैंस, मछली पालन जैसी व्यवस्था से जोड़कर किस प्रकार आत्मनिर्भर बनाया जा सकता है।

योजनाओं का करें प्रचार

बैठक में यह निर्देश भी दिए गए कि आदिवासी कल्याण के लिए केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं का प्रचार-प्रसार किया जाए। आदिवासी बहुल लोकसभा सीट खंडवा और विधानसभा सीट जोबट में होने वाले उपचुनाव में जीत हासिल करनी है।

…तो जयस नहीं होता

अजजा वर्ग से सांसद गजेंद्र सिंह पटेल ने बैठक में कहा कि आदिवासी नेताओं को सक्रियता बढ़ानी होगी। यदि समय रहते इस पर काम किया जाता तो जय आदिवासी युवा शक्ति संगठन (जयस) जैसे संगठन का जन्म नहीं होता। मुख्यमंत्री ने उपचुनाव को लेकर कहा कि भाजपा उपचुनाव के लिए तैयार है।

Exit mobile version