VIDEO-बिजली से परेशान लोगों ने एएसई की नेमप्लेट उखाड़ी, कार्यालय की बंद कर दी लाइट

कटनी। पिछले कई दिनों से शहर और उपनगरीय क्षेत्रों में लगातार हो रही अघोषित बिजली कटौती के खिलाफ उपभोक्ताओं ने आज विद्युत मंडल के सिविल लाइन स्थित कार्यालय में जमकर हंगामा मचाया। लखेरा में पिछले करीब 30 घंटे से बिजली बंद होने से नाराज लोगों ने यहां पहुंचकर अधिकारियों की मनमानी के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करते हुए जमकर नारेबाजी की और जब अधिकारी उनकी समस्याओं को सुनने नहीं आए तो लोगों ने आक्रोश में आकर कार्यालय में तोड़फोड़ शुरू कर दी।

लोगों ने अतिरिक्त अधीयण अभियंता प्रशांत वैद्य की नेमप्लेट उखाड़ दी और कार्यालय की लाइट बंद कर दी। खबर लिखे जाने तक लोगों का विरोध प्रदर्शन जारी था। हंगामे की सूचना मिलने पर क्षेत्रीय विधायक संदीप जायसवाल भी मौके पर पहुंच गए और आक्रोशित लोगों से बात करते हुए हंगामा शांत कराया। गौरतलब है कि मानसून की दस्तक के साथ ही शहर में बिजली की समस्या शुरू हो गई है। बारिश शुरू होते ही पूरे शहर की लाइट गुल कर दी जाती है और फाल्ट की सूचना मिलने के बाद भी विद्युत मंडल के कर्मचारी इसे सुधारने घंटों नहीं आते। शहर के कुछेक क्षेत्रों में तो हालात बद से बदत्तर हो गए हैं।

शहर से लगे उपनगरीय क्षेत्र लखेरा में कल दोपहर बारिश के बाद से ही बिजली गुल थी। क्षेत्र के लोगों द्वारा विद्युत मंडल के पूछताछ केन्द्र में फोन लगाए जाने पर सही जवाब तक नहीं दिया जा रहा था। जिस पर कुछ लोगों ने विद्युत मंडल कार्यालय आकर क्षेत्र की लाइट गुल होने शिकायत दर्ज कराई, इसके बाद भी शाम तक विद्युत मंडल के कर्मचारी फाल्ट सुधारने नहीं पहुंचे। क्षेत्र के लोगों ने बताया कि पूछताछ केन्द्र में जब भी फोन लगाया गया, तो वहां ड्यूटी पर तैनात कर्मचारी ने टीम के फील्ड पर होने की जानकारी दी। बिजली का इंतजार करते करते रात हो गई और फिर पूरी रात क्षेत्र की लाइट बंद रही। पूरे क्षेत्र में अंधकार छाया रहा और लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

सुबह भी नहीं आई लाइट
बताया जाता है कि पूरी रात लाइट बंद होने के बाद लोगों को उम्मीद थी कि सुबह क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति बहाल होगी लेकिन ऐसा नहीं हुआ। बिजली आपूर्ति ठप होने की वजह से सुबह लोग पीने के पानी तक के लिए तरस गए लेकिन लाइट नहीं आई। जिससे लोगों में आक्रोश व्याप्त हो गया। बताया जाता है कि विद्युत मंडल की मनमानी से परेशान लोग सीधे सिविल लाइन स्थित अतिरिक्त अधीक्षण अभियंता प्रशांत वैद्य के कार्यालय में पहुंचे और नारेबाजी शुरू कर दी। लोगों का कहना था कि लखेरा की लाइट पिछले 30 घंटे से बंद है और अधिकारी ऐसी चेम्बरों में बैठे हुए हैं। जनता की तकलीफों की तरफ इनका बिल्कुल भी ध्यान नहीं है। आक्रोशित लोगों ने एएसई की नेम प्लेट उखाड़ दी और पूरे कार्यालय की लाइट बंद कर दी।
¢

Exit mobile version