पूजन-अर्चन एवं हवन के साथ सजेगी सांस्कृतिक संध्या, बच्चों के लिए चित्रकला, मोमबत्ती प्रज्वलन और कुर्सी दौड़ प्रतियोगिताएं होंगी आयोजित
कटनी (YASHBHARAT.COM)। दीपावली पर्व के उपरांत कायस्थ समिति के तत्वावधान में भगवान श्री चित्रगुप्त महाराज का दो दिवसीय पूजन समारोह 11 एवं 12 नवंबर को सामुदायिक भवन, आयुध निर्माणी कटनी में आयोजित किया जाएगा। समारोह को लेकर समिति द्वारा सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। दो दिवसीय आयोजन में धार्मिक अनुष्ठानों, पूजन-अर्चन एवं हवन के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रमों और विभिन्न मनोरंजक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। मनोज निगम से प्राप्त जानकारी के अनुसार, समारोह का शुभारंभ 11 नवंबर, बुधवार को सुबह 10 बजे भगवान श्री चित्रगुप्त महाराज की मूर्ति स्थापना, विधि-विधान से पूजन एवं हवन के साथ होगा। दोपहर 12:30 बजे परिचय सत्र एवं प्रसाद वितरण किया जाएगा। वहीं, दोपहर 3 बजे बच्चों के लिए चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित होगी। शाम 6 बजे आरती के पश्चात रात्रि 7 बजे से रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति होगी, जिसमें समाज के प्रतिभागी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
दूसरे दिन चुनाव, आरती एवं मनोरंजक प्रतियोगिताएं
समारोह के दूसरे दिन 12 नवंबर, गुरुवार को सुबह 7 बजे भगवान श्री चित्रगुप्त महाराज की आरती की जाएगी। इसके बाद सुबह 11:30 बजे नई समिति के गठन के लिए चुनाव प्रक्रिया संपन्न कराई जाएगी। शाम 5:30 बजे आरती एवं विसर्जन कार्यक्रम आयोजित होगा। इसके पश्चात शाम 7 बजे मोमबत्ती प्रज्वलन प्रतियोगिता तथा शाम 7:30 बजे कुर्सी दौड़ प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। दो दिवसीय समारोह का समापन रात्रि 9 बजे स्नेहभोज के साथ होगा।
प्रतियोगियों से समय पर पहुंचने की अपील
कायस्थ समिति ने सभी प्रतियोगियों से अपील की है कि वे निर्धारित कार्यक्रम के समय से 15 मिनट पूर्व आयोजन स्थल पर अपनी उपस्थिति सुनिश्चित करें, ताकि प्रतियोगिताएं एवं अन्य कार्यक्रम व्यवस्थित रूप से संपन्न हो सकें।
समिति द्वारा आयोजित यह दो दिवसीय समारोह धार्मिक आस्था, सामाजिक समरसता एवं सांस्कृतिक परंपराओं को मजबूत करने के साथ समाज के लोगों को आपसी मेल-मिलाप और एकजुटता का अवसर प्रदान करेगा।













