यमुना एक्सप्रेसवे पर ओवरटेक के चक्कर में कांच से भरे कैंटर से टकराईं दो बसें, आधा दर्जन से अधिक यात्री घायल
मथुरा। उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले में यमुना एक्सप्रेसवे पर गुरुवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। नोएडा से आगरा की ओर जा रही दो यात्री बसें और कांच से लदा एक आयशर कैंटर आपस में भिड़ गए। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कैंटर सड़क पर ही पलट गया। इस दुर्घटना में आधा दर्जन से अधिक यात्रियों के घायल होने की खबर है, जिन्हें तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
ओवरटेक करने के प्रयास में हुई टक्कर
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, दुर्घटना गुरुवार सुबह करीब 3:15 बजे मांट थाना क्षेत्र के अंतर्गत माइलस्टोन 101 के पास हुई।कांच से भरा आयशर कैंटर (HR 26 E 5124) आगरा की तरफ जा रहा था। इसी दौरान पीछे से आ रही विश्वनाथ ट्रैवल्स की बस (UP 86 T 8696) ने कैंटर को ओवरटेक करने की कोशिश की, जिससे बस कैंटर से टकरा गई। पहली टक्कर के तुरंत बाद पीछे से आ रही ट्रैवल पॉइंट की एक और बस (UP 17 AT 9952) भी कैंटर से जा टकराई।
सड़क पर पसरा सन्नाटा और चीख-पुकार:
लगातार हुई टक्करों के कारण कांच से भरा कैंटर सड़क पर पलट गया। हादसे के समय बसों में सवार यात्री नींद में थे, जिससे अचानक हुए इस हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
पुलिस और एंबुलेंस ने शुरू किया राहत कार्य
दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और राहत दल मौके पर पहुंचे। हादसे की खबर मांट टोल प्लाजा कंट्रोल रूम और राहगीर विनय यादव के जरिए पुलिस को मिली।सूचना मिलते ही मांट थाना प्रभारी निरीक्षक उमेश कुमार पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। जेपी और सरकारी एंबुलेंस की मदद से घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक जानकारी के अनुसार, घायलों में चांदनी, आमिर, आजाद, वसीम और अजर बानो समेत अन्य यात्री शामिल हैं। यमुना एक्सप्रेसवे पर ओवरटेक के चक्कर में कांच से भरे कैंटर से टकराईं दो बसें, आधा दर्जन से अधिक यात्री घायल
पुलिस ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को एक्सप्रेसवे से हटवाकर यातायात सुचारू कराया। फिलहाल मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।












