मप्र डीजीपी कैलाश मकवाणा 30 नवंबर को होंगे रिटायर: गृह विभाग ने भ्रम दूर कर जारी किया आदेश, 1 दिसंबर को मिलेगा नया DGP
भोपाल। मध्यप्रदेश के पुलिस महानिदेशक (DGP) कैलाश मकवाणा आगामी 30 नवंबर 2026 को सेवानिवृत्त होंगे। प्रदेश के नए पुलिस प्रमुख (DGP) 1 दिसंबर को पदभार संभालेंगे। कैलाश मकवाणा की सेवानिवृत्ति की आधिकारिक तारीख को लेकर बने संशय पर विराम लगाते हुए गृह विभाग ने बुधवार को स्पष्ट आदेश जारी कर दिया है।
रिटायरमेंट की तारीख पर क्यों था भ्रम?
कैलाश मकवाणा के कार्यकाल को लेकर पुलिस मुख्यालय (PHQ) और गृह विभाग के बीच भ्रम की स्थिति बनी हुई थी, मकवाणा का मूल नियुक्ति आदेश 1 दिसंबर 2024 से लागू माना गया था, जिसके अनुसार उनका 2 साल का कार्यकाल 30 नवंबर 2026 को पूरा हो रहा है। उन्होंने 1 दिसंबर की बजाय 2 दिसंबर 2024 को पदभार (ज्वाइन) ग्रहण किया था।सुप्रीम कोर्ट के फैसले के अनुसार राज्यों के डीजीपी का कार्यकाल कम से कम 2 वर्ष का होना अनिवार्य है। इसी के चलते पुलिस मुख्यालय की प्रशासन शाखा ने गृह विभाग को पत्र भेजकर पूछा था कि कार्यकाल की गणना 1 दिसंबर से मानी जाएगी या 2 दिसंबर से।
गृह विभाग का आदेश: 30 नवंबर ही अंतिम दिन
गृह विभाग ने स्थिति स्पष्ट करते हुए आदेश जारी किया है कि नियुक्ति आदेश की प्रभावी तिथि (1 दिसंबर 2024) के आधार पर ही उनका कार्यकाल 30 नवंबर 2026 को समाप्त माना जाएगा।
इस आदेश के साथ ही अब मध्यप्रदेश के नए डीजीपी (DGP) के चयन और सीनियर आईपीएस अधिकारियों के नामों के पैनल को लेकर सुगबुगाहट और प्रशासनिक हलचल तेज हो गई है।











