बप्पा की प्रतिमा के सुरक्षित एवं व्यवस्थित विसर्जन की तैयारियों का महापौर ने लिया जायजा,विसर्जन स्थलों पर श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा के साथ स्वच्छता व्यवस्था को लेकर दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
बप्पा की प्रतिमा के सुरक्षित एवं व्यवस्थित विसर्जन की तैयारियों का महापौर ने लिया जायजा,विसर्जन स्थलों पर श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा के साथ स्वच्छता व्यवस्था को लेकर दिए आवश्यक दिशा-निर्दे
*कृत्रिम कुंडों की व्यवस्थाओं को समय रहते पूर्ण करने, निर्माल्य संकलन एवं सफाई पर विशेष ध्यान देने के निर्देश*
कटनी (24 सितंबर)। अनंत चतुर्दशी के अवसर पर गणेश प्रतिमा विसर्जन को सुव्यवस्थित, सुरक्षित एवं पर्यावरण अनुकूल तरीके से संपन्न कराने के उद्देश्य से नगर पालिक निगम प्रशासन द्वारा व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। इसी क्रम में गुरुवार को महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी ने निगम अधिकारियों एवं संबंधित अमले के साथ शहर के गाटर घाट,हनुमान घाट, माई नदी घाट सहित विभिन्न कृत्रिम विसर्जन कुंडों का निरीक्षण किया। महापौर ने प्रत्येक स्थल पर की जा रही व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों से तैयारियों की जानकारी ली तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
*विसर्जन कुंडों पर व्यवस्थाओं की ली जानकारी*
निरीक्षण के दौरान महापौर ने कृत्रिम विसर्जन कुंडों की स्थिति, प्रतिमाओं के सुरक्षित विसर्जन के लिए की गई व्यवस्थाओं, पहुंच मार्ग, साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था एवं अन्य आवश्यक संसाधनों की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि विसर्जन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए सभी व्यवस्थाएं पहले से पूर्ण एवं व्यवस्थित रहनी चाहिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को स्थलवार जिम्मेदारियां तय कर व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी करने के निर्देश दिए।
*सफाई व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता*
महापौर ने विसर्जन स्थलों एवं आसपास के क्षेत्रों में पर्याप्त सफाई अमला तैनात रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विसर्जन के दौरान बड़ी संख्या में नागरिकों की आवाजाही को देखते हुए सफाई व्यवस्था लगातार बनी रहनी चाहिए। कुंडों के आसपास कचरा एकत्रित न हो तथा विसर्जन के बाद भी तत्काल सफाई की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। आवश्यकतानुसार अतिरिक्त सफाई कर्मियों एवं संसाधनों की उपलब्धता रखने के लिए भी कहा गया।
*निर्माल्य के लिए रहे पृथक व्यवस्था*
महापौर ने पूजा सामग्री एवं निर्माल्य के व्यवस्थित संकलन पर भी विशेष जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि विसर्जन स्थलों पर निर्माल्य एवं अन्य पूजन सामग्री के लिए पृथक संकलन व्यवस्था रखी जाए। साथ ही नागरिकों से अपील की कि पूजा सामग्री एवं निर्माल्य को कुंड अथवा अन्य जलस्रोतों में न डालते हुए निगम द्वारा संचालित पूजा स्पेशल वाहन में ही दें, ताकि इसका उचित संकलन एवं प्रबंधन किया जा सके।
*श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा का रखें ध्यान*
महापौर ने विसर्जन स्थलों पर श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रवेश एवं निकास व्यवस्था, बेरीकेडिंग,भीड़ प्रबंधन, सुगम आवागमन, पर्याप्त प्रकाश तथा आवश्यकतानुसार सुरक्षा एवं सहायता व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए कहा। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि स्थल पर तैनात कर्मचारी श्रद्धालुओं का सहयोग करें और किसी भी स्थिति में अव्यवस्था उत्पन्न न होने दें।
*प्रकाश एवं पहुंच मार्गों की भी हुई समीक्षा*
निरीक्षण के दौरान महापौर ने कृत्रिम विसर्जन कुंडों तक पहुंचने वाले मार्गों की स्थिति एवं प्रकाश व्यवस्था का भी जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को मार्गों एवं आसपास के क्षेत्रों में अतिरिक्त पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था किए जाने के निर्देश दिए, ताकि देर शाम तक प्रतिमा विसर्जन के दौरान नागरिकों को परेशानी न हो।
*पर्यावरण संरक्षण के साथ विसर्जन की अपील*
महापौर श्रीमती सूरी ने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन निगम द्वारा निर्धारित कृत्रिम एवं चलित विसर्जन कुंडों में ही करें। नदी, तालाब एवं अन्य प्राकृतिक जलस्रोतों में प्रतिमाओं का विसर्जन न करें। उन्होंने कहा कि निगम द्वारा की गई वैकल्पिक व्यवस्था का उद्देश्य धार्मिक आस्था के साथ पर्यावरण संरक्षण एवं नागरिकों की सुविधा सुनिश्चित करना है। सभी नागरिक निगम की व्यवस्थाओं में सहयोग करते हुए निर्धारित स्थानों पर ही विसर्जन करें।
*अधिकारियों को लगातार निगरानी के निर्देश*
महापौर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि विसर्जन से पूर्व सभी तैयारियों को अंतिम रूप देते हुए प्रत्येक स्थल की व्यवस्थाओं का पुनः निरीक्षण किया जाए। विसर्जन के दिन भी अधिकारी एवं मैदानी अमला सक्रिय रहकर व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी करें। उन्होंने कहा कि निगम का उद्देश्य गणेश प्रतिमा विसर्जन को व्यवस्थित, सुरक्षित, स्वच्छ एवं पर्यावरण अनुकूल बनाना है, जिसके लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें।
निरीक्षण के दौरान पार्षद सीमा श्रीवास्तव, वंदना यादव सहित निगम के अधिकारी, कर्मचारी उपस्थित रहे।








