डिग्री देना ही नहीं, छात्रों को सशक्त बनाना लक्ष्य: कटनी कलेक्टर ने तिलक कॉलेज में परखी व्यवस्थाएं, बनेगी विशेष नक्षत्र वाटिका
कलेक्टर का तिलक कॉलेज में औचक निरीक्षण: क्लासरूम में पहुंचे तो छात्रा ने दिए इकोनॉमी के कड़े सवालों के जवाब; ₹2.97 करोड़ की कंप्यूटर लैब का लिया जायजा
डिग्री देना ही नहीं, छात्रों को सशक्त बनाना लक्ष्य: कटनी कलेक्टर ने तिलक कॉलेज में परखी व्यवस्थाएं, बनेगी विशेष नक्षत्र वाटिका
कटनी: कलेक्टर श्री आशीष तिवारी ने गुरुवार को ‘प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस’ शासकीय तिलक स्नातकोत्तर महाविद्यालय का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान कलेक्टर ने न सिर्फ कॉलेज की व्यवस्थाओं को परखा, बल्कि क्लासरूम में पहुंचकर छात्र-छात्राओं से आत्मीय संवाद भी किया। उन्होंने विद्यार्थियों से उनकी पढ़ाई, संसाधनों और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारियों को लेकर फीडबैक लिया।
अर्थशास्त्र की छात्रा राधा कोरी के जवाबों से हुए गदगद
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री तिवारी जब अर्थशास्त्र विभाग पहुंचे, तो उन्होंने वहाँ उपस्थित ग्राम जुहला की छात्रा राधा कोरी से भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) और भारतीय अर्थव्यवस्था से जुड़े कुछ कड़े सवाल पूछे। छात्रा राधा ने बिना किसी झिझक के सभी प्रश्नों के बेहद सटीक, तार्किक और आत्मविश्वास से भरे उत्तर दिए, जिसकी कलेक्टर ने जमकर सराहना की।
इसके साथ ही ई-लाइब्रेरी में पढ़ रहे पन्ना के करण चौधरी और बहोरीबंद के नीरज चौधरी ने कलेक्टर को बताया कि ई-लाइब्रेरी की वजह से अब उन्हें प्रतियोगी परीक्षाओं की अध्ययन सामग्री के लिए भटकना नहीं पड़ता है।
₹2.97 करोड़ की लागत से बन रही ‘मेगा कंप्यूटर लैब’
कलेक्टर ने कॉलेज परिसर में लगभग 2 करोड़ 97 लाख रुपये की लागत से बन रही आधुनिक ऑनलाइन परीक्षा कंप्यूटर लैब का निरीक्षण किया। 200 विद्यार्थियों की क्षमता वाली इस लैब के निर्माण कार्य को लेकर उन्होंने निर्माण एजेंसी (परियोजना क्रियान्वयन इकाई) को सख्त निर्देश दिए कि काम में उच्च गुणवत्ता का ध्यान रखा जाए और इसे समय-सीमा के भीतर पूरा किया जाए।
कॉलेज परिसर में बनेगी विशेष ‘नक्षत्र और औषधीय वाटिका’
विद्यार्थियों को प्रकृति आधारित और व्यावहारिक ज्ञान देने के लिए कलेक्टर ने कॉलेज की नक्षत्र वाटिका के पास औषधीय, वनस्पति और शैक्षणिक उपयोग में आने वाले विशेष पौधों की रोपणी (नर्सरी) विकसित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यह रोपणी छात्रों के लिए एक जीवंत प्रयोगशाला की तरह काम करेगी।
“प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस का उद्देश्य केवल डिग्री बांटना नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों को आधुनिक संसाधनों, ज्ञान और कौशल से सशक्त बनाना है।” — आशीष तिवारी, कलेक्टर (कटनी)
अमरनाथ यात्रा: लूट से बचेंगे श्रद्धालु, सरकार ने तय किया बस, टैक्सी और ऑटो का किराया; देखें पूरी रेट लिस्ट
इस औचक निरीक्षण के दौरान कॉलेज के प्राचार्य डॉ. सुनील कुमार वाजपेई सहित पूरा शिक्षकीय एवं प्रशासनिक अमला मौजूद रहा।








