2 जून के ज्ञापन को गंभीरता से नहीं लिया प्रशासन ने, पटवारियों में आक्रोश, कल सोमवार को फिर सौंपा जाएगा ज्ञापन
कटनी(YASHBHARAT.COM)। मध्य प्रदेश पटवारी संघ भोपाल ( शासन से मान्यता प्राप्त ) द्वारा कटनी जिले की सभी तहसीलों कटनी नगर, कटनी ग्रामीण, रीठी, बहोरीबंद, स्लीमनाबाद, ढीमरखेड़ा, बडवारा, विजयराघवगढ़, बरही में 2 जून मंगलवार को कलेक्टर कटनी के नाम एक ज्ञापन सौंपा गया था। जिसमें पीएम किसान सम्मन निधि, जायज फसलों (ग्रीष्म कालीन गिरदावरी), फार्मर आईडी के संबंध में आ रही कठिनाइयों के निराकरण की मांग की गई थी। मध्यप्रदेश पटवारी संघ भोपाल(शासन से मान्यता प्राप्त) के जिलाध्यक्ष/उपप्रांताध्यक्ष दादू राम पटेल का कहना है कि इस ज्ञापन पर आज तक कोई विचार नहीं किया गया और पटवारियों को होने वाली परेशानियों का हल नहीं निकाला गया। जिससे पटवारियों में भारी आक्रोश है। इस संबंध में मध्य प्रदेश पटवारी संघ जिला कटनी इकाई की 6 जून शनिवार को वर्चुअल मीटिंग हुई, जिसमें निर्णय लिया गया कि टीएल मीटिंग के बाद 8 जून, सोमवार 1-30 बजे( डेढ बजे) कलेक्टर कटनी को जिला कार्यकारिणी द्वारा पटवारियों की विभिन्न समस्याओं के निराकरण के लिए पुनः एक ज्ञापन सौंपा जाएगा।जिसमें पीएम किसान सम्मन निधि तथा फार्मर आईडी एवं जायज फसलों (ग्रीष्मकालीन गिरदावरी) तथा पटवारी की गोपनीय चरित्रावली (सी आर) समय पर ना लिखा जाना, पटवारी का समय मान वेतनमान प्रथम द्वितीय तृतीय चतुर्थ का ना लगाया जाना, सेवानिवृत्ति पटवारी संतोष दहिया सुरेंद्र सिंह ठाकुर के स्वत्वों का त्वरित निराकरण तथा संतान पालन अवकाश के समय वेतन के अतिरिक्त अन्य भत्ते पटवारी पूजा सोनी के नहीं दिए जाने तथा पटवारी द्वारा डबल पद का कार्य पटवारी के साथ-साथ राजस्व निरीक्षक पद का कार्य किए जाने दोहरी कार्य का भत्ता, लघु सिंचाई संगणना एवं कृषि संगणना का लंबित मानदेय नहीं दिए जाने आदि मांगे शामिल रहेंगी। जिलाध्यक्ष/उपप्रांताध्यक्ष दादू राम पटेल का कहना है कि इस बार एक सप्ताह के अंदर सभी मांगो का निराकरण न होने से जिले के पटवारी आंदोलन के लिए बाध्य होंगे, जिसकी समस्त जिम्मेदारी जिला प्रशासन की होगी।